
Dombivali News: गुड़ी पड़वा पर 28वीं नववर्ष स्वागत यात्रा, 150 फीट ऊंची भव्य गुड़ी बनी आकर्षण का केंद्र
ABP News
Dombivali News In Hindi: गुड़ी पड़वा पर 28वीं नववर्ष स्वागत यात्रा धूमधाम से मनाई गई. 150 फीट ऊंची गुड़ी आकर्षण का केंद्र रही. वंदे मातरम के 150 वर्ष और RSS शताब्दी वर्ष पर झांकियां प्रस्तुत की गईं.
गुड़ी पड़वा के पावन पर्व पर डोंबिवली में इस वर्ष 28वीं नववर्ष स्वागत यात्रा का भव्य आयोजन हुआ. नेहरू मैदान में स्थापित 150 फीट ऊंची विशाल गुड़ी इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण रही. महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि यह महाकाय गुड़ी हिंदुत्व और भव्य सांस्कृतिक उत्सव के प्रतीक के रूप में गौरवपूर्ण ढंग से स्थापित की गई है.
नववर्ष स्वागत यात्रा की इस परंपरा की शुरुआत श्री गणेश मंदिर संस्थान के माध्यम से सांस्कृतिक डोंबिवली में हुई थी. रवींद्र चव्हाण ने कहा कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत शुभ और मंगलमय हो तथा युवा पीढ़ी का भारतीय संस्कृति से जुड़ाव बना रहे इसी उद्देश्य से यह परंपरा शुरू की गई थी. उन्होंने इस संकल्पना का श्रेय भाजपा और संघ परिवार से जुड़े डोंबिवली के कार्यकर्ता आबासाहेब पटवारी और सुधीर जोगळेकर को विशेष रूप से दिया.
इस वर्ष की शोभायात्रा में दो विशेष विषयों पर भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं. पहली झांकी वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर और दूसरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100वें वर्ष पर आधारित थी. इन दोनों झांकियों ने यात्रा को और भी खास बना दिया और डोंबिवलीकरों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला. रवींद्र चव्हाण ने इस पर संतोष और खुशी जाहिर की.
इस वर्ष देशभक्ति के विविध रूप विषय पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. क्रांतिकारी देशसेवक थीम पर आधारित वेशभूषा प्रतियोगिता में 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 75 वर्ष तक के बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता के विजेता को 25,000 रुपये और उपविजेता को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार के साथ अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए गए.













