
साली से चल रहा था चक्कर, दोनों ने मिलकर पत्नी का रेत दिया गला, ऐसे रची रास्ते से हटाने की साजिश
ABP News
Tamil Nadu News: पेरम्बलुर के एलमबलुर गांव में पत्नी की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया कि पति राजकुमार ने अपनी साली आनंदी के साथ मिलकर भाड़े के हत्यारों से वारदात कराई.
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के पेरम्बलुर जिले के एलमबलुर गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. एक निजी टायर फैक्ट्री में काम करने वाले राजकुमार की पत्नी प्रवीणा की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद राजकुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला किया है और वह भी घायल हुआ है.
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में ही राजकुमार के बयान संदिग्ध पाए गए. जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो चौंकाने वाला सच सामने आया. जांच में पता चला कि राजकुमार ने अपनी साली आनंदी के साथ मिलकर अपनी पत्नी प्रवीणा की हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए भाड़े के हत्यारों का एक गिरोह तैयार किया गया था.
अवैध प्रेम संबंध में बाधा बनी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार और उसकी साली आनंदी के बीच लंबे समय से अवैध प्रेम संबंध थे. दोनों पहले भी घर से भाग चुके थे, जिसके बाद पड़ोसियों और पुलिस ने उन्हें सख्त चेतावनी दी थी. प्रवीणा इस रिश्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन रही थी. इसके अलावा, हाल ही में गांववालों के सामने प्रवीणा ने आनंदी को डांटने और अपमानित करने से दोनों बेहद नाराज थे. इसी कारण उन्होंने प्रवीणा को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.













