
राजपाल यादव ने मदद करने वालों के नाम बताने से किया इंकार, बोले- मुझे सिम्पेथी नहीं चाहिए
ABP News
राजपाल यादव ने उन लोगों के बारे में बात की जिन्होंने उनकी मुश्किल समय में मदद की. राजपाल ने उन लोगों के नाम लेने से इंकार कर दिया है. उनका कहना है कि उन्हें सिम्पेथी नहीं चाहिए.
एक्टर राजपाल यादव जमानत पर बाहर हैं. उन्हें 16 फरवरी को अंतरिम जमानत मिली. राजपाल यादव 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में थे. उन्होंने जेल में सरेंडर किया था. इस मुश्किल वक्त में कई बॉलीवुड सेलेब्स उनकी मदद को आगे आए थे. सबसे पहले एक्टर सोनू सूद ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया था. अब राजपाल ने उन लोगों के बारे में बात की जिन्होंने उनकी मदद की थी.
राजपाल यादव ने नाम लेने से किया इंकार
ई-टाइम्स से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा, 'ये मामला सबसे पहले 2012 में मीडिया में आया. उस वक्त मुझे फ्रॉड लिखा गया था. सब से मैं एक साल में कम से कम 10 फिल्में कर रहा हूं. अगर मैं सच में फ्रॉड होता तो लोग मेरे साथ काम करना क्यों जारी रखते? इंडस्ट्री को ये साबित करने की जरुरत नहीं है कि वो मेरे साथ हैं. मुझे विश्वास है कि सभी मेरे साथ हैं.'
जब राजपाल यादव से उनके बारे में पूछा गया जिन्होंने उनकी फाइनेंशियली मदद की तो इस पर राजपाल यादव ने मदद करने वालों के नाम और अमाउंट दोनों के बारे में बताने से मना किया. उन्होंने कहा, 'मेरी जिसने भी मदद की मैं उसकी रिस्पेक्ट करता हूं. लेकिन मुझे सिम्पेथी नहीं चाहिए.'













