
'ये दान नहीं, बल्कि सम्मान है..'आर्थिक तंगी से जूझ रहे राजपाल यादव के सपोर्ट में उतरे सोनू सूद, एक्टर को लेकर कही ये बात
ABP News
बॉलीवुड के पॉपुलर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों काफी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. ऐसे में सोनू सूद अब उनके सपोर्ट में उतर गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर एक्टर को सपोर्ट किया है.
राजपाल यादव ने हाल ही में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया है. अब इसी बीच एक्टर के मुश्किल दौर में उन्हें सपोर्ट करने के लिए सोनू सूद ने अपना हाथ आगे बढ़ाया है. उन्होंने राजपाल यादव को गिफ्टेड एक्टर तक बता दिया है. सोनू सूद ने ये भी वादा किया है कि वो अपने अपकमिंग फिल्म में राजपाल यादव को कास्ट करेंगे और अभी ही बदले में उन्हें साइनिंग अमाउंट दे देंगे.
इतना ही नहीं उन्होंने इंडस्ट्री के दूसरे प्रोड्यूसर्स से भी रिक्वेस्ट की है कि वो भी इस मुश्किल वक्त में राजपाल यादव को सपोर्ट करें.सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा,'राजपाल यादव टैलेंटेड एक्टर हैं, जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को सालों तक अविस्मरणीय काम दिया है. कभी-कभी जीवन हमारे साथ अन्याय कर बैठता है. इसकी वजह प्रतिभा की कमी नहीं, बल्कि वक्त की मार होती है. वो मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना है कि ये हम सभी निर्माताओं, निर्देशकों और सहकर्मियों के लिए एक साथ खड़े होने का समय है.'
सोनू सूद ने राजपाल यादव के सपोर्ट में किया पोस्ट
अपने पोस्ट में सोनू ने लिखा,'भविष्य के काम के बदले दी जाने वाली एक छोटी-सी साइनिंग फीस कोई दान नहीं, बल्कि उनका सम्मान है. जब हमारा अपना कोई कठिन दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे यह याद दिलाना चाहिए कि वो अकेला नहीं है. इसी तरह हम साबित करते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार है.'













