
यूपी पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट! 2026 नहीं विधानसभा चुनाव के साथ 2027 में होगा इलेक्शन
ABP News
UP News: यूपी में 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव अगले साल के लिए टाल दिए गए हैं. पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन नहीं होना और आरक्षण प्रक्रिया अधूरी रहना, इसके पीछे की वजह बताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश में साल 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले साल तक के लिए टल सकते हैं. बता दें कि साल 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव है और राज्य में आयोग गठन न होने और आरक्षण प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव एक साथ हो सकते हैं.
बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही थीं और उम्मीद थी कि चुनाव अगले कुछ महीनों में करा दिए जाएंगे, लेकिन ताजा घटनाक्रम इस प्रक्रिया पर ब्रेक लगाती दिख रही है. उम्मीदवारों और स्थानीय नेताओं में असमंजस की स्थिति है.
देरी की मुख्य वजह पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होना है. आयोग का कार्यकाल अक्टूबर 2025 में समाप्त हो चुका है और नियमानुसार हर 3 वर्ष में इसका पुनर्गठन अनिवार्य है. आरक्षण निर्धारण इसी आयोग की रिपोर्ट पर आधारित होता है.
अदालत में दायर जनहित याचिका के बाद सरकार ने हलफनामा देकर आयोग गठन का आश्वासन दिया है. आयोग के गठन, सर्वेक्षण और आरक्षण तय करने में कम से कम चार से छह महीने लग सकते हैं. ऐसे में समयसीमा स्वतः आगे खिसकती दिख रही है.













