
यूपी: देवरिया में रोडवेज बस और बोलेरो की टक्कर में 6 की मौत, तिलक समारोह से लौट रही थी कार
AajTak
यूपी के देवरिया में तिलक से लौट रही बोलेरो और रोडवेज की अनुबंधित बस की आमने-सामने हुई टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई है.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 18 अप्रैल की रात भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए. घटना देवरिया जिले के रुद्रपुर-गौरीबाजार रोड पर पननहा और इंदुपुर के बीच की है. तिलक समारोह से लौट रही बोलेरो रोडवेज की अनुबंधित बस से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए, वहीं रोडवेज बस भी पलट गई.
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को निकाल कर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. कुछ घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है तो वहीं कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार के संबंध में चिकित्सकों से बात की.
जानकारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के कोहड़ा गांव निवासी रवींद्र तिवारी के घर से देवरिया के गौरीबाजार के रामनगर गांव में तिलक आया था. तिलक समारोह में भोजन के बाद बारी-बारी से गाड़ियां कुशीनगर के लिए लौटने लगीं. ये बोलेरो भी कुशीनगर लौट रही थी. बोलेरो रुद्रपुर और गौरीबाजार रोड पर पननहा और इंदुपुर के काली मंदिर के बीच ही पहुंची थी कि गौरीबाजार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनुबंधित बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और बस भी पलट गई. कुछ लोग तो बोलेरो में इस कदर फंस गए थे कि उन्हें निकालने के लिए गैस कटर का उपयोग करना पड़ा. इस हादसे में बोलरो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
भीषण सड़क हादसे की सूचना पाकर एडिशनल एसपी राजेश सोनकर, सीओ रुद्रपुर जिलाजीत भी मौके पर पहुंच गए. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और एसपी डॉक्टर श्रीपति मिश्रा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों को हर संभव चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मृतकों में बोलेरो सवार कुशीनगर के रहने वाले शुभम गुप्ता, राम प्रकाश सिंह, वशिष्ठ सिंह, जोगन सिंह, अंकुर पांडेय और बस सवार देवरिया निवासी रामानंद मौर्य शामिल हैं. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जिलाधिकारी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. सरकारी योजनाओं का लाभ पीड़ित परिवारों को पहुंचाया जाएगा. उन्होंने ये भी कहा है कि हादसे से मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अवगत कराया जाएगा. जिलाधिकारी ने कहा कि फॉरेन्सिक साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी.

दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक डबल डेकर अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य यात्री घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे. फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, राजस्थान की एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई. इस दौरान यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया और 23 यात्री घायल हो गए.

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, PAK से नेपाल के रास्ते आ रहे विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद, 10 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े इस नेटवर्क के 10 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सब-मशीन गन सहित 21 विदेशी अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं जो दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे.

13 साल से कोमा में रहे हरीश राणा का आज दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क में अंतिम संस्कार कर दिया गया. सुप्रीम कोर्ट से निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति के बाद उनका एम्स में निधन हुआ था. अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. इससे पहले उनके पिता ने एक मैसेज जैसे ही व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा, उसे पढ़ते ही लोगों की आंखों से आंसू निकल आए.

क्रिकेटर रिंकू सिंह लखनऊ में आयोजित समारोह में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र लेने नहीं पहुंचे. रिंकू को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पद मिला है. इस समय वह आईपीएल की तैयारियों में जुटे हैं, जहां वे कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए खेलते हैं. उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नौकरी का लेटर सौंपा और कई खिलाड़ियों को पुरस्कारों से सम्मानित किया.









