
मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो पिलर का हिस्सा ऑटो पर गिरा, एक की मौत, कई घायल
ABP News
Mumbai News: मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी.
मुंबई के उत्तर-पूर्व इलाके मुलुंड में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के एक पिलर का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया. स्लैब गिरने से हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं. वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
वहीं मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की है.
अधिकारी ने बताया कि यह हादसा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट के आस पास एलबीएस रोड पर, जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के सामने हुआ. उन्होंने बताया कि खंभे का एक स्लैब टूटकर नीचे खड़े ऑटो रिक्शा पर गिर गया, जिससे ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया. तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका है.
अग्निशमन और पुलिसकर्मियों के अलावा मेट्रो निर्माण कंपनी के कर्मचारी घटना स्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं. अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी और जानकारी जुटाई जा रही है.













