
महोबा में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी की कोशिश, छड़ी मारते ही महिला बेहोश, पुलिस की हिरासत में बाबा
ABP News
Mahoba News in Hindi: महिला को अचेत होते देख आसपास के दुकानदारों और आढ़तियों में हड़कंप मच गया. सतर्क दुकानदारों ने भागने की कोशिश कर रहे एक बाबा को मौके पर ही दबोच लिया.
उत्तर प्रदेश के महोबा में ठगी की कोशिश और तंत्र-मंत्र का एक मामला सामने आया है. यहाँ पान मंडी में सब्जी बेच रही एक महिला को दो कथित बाबाओं ने अपनी बातों में उलझाया और अनर्थ होने का डर दिखाकर उस पर जादू-टोना कर दिया. छड़ी मारते ही महिला अचेत होकर गिर पड़ी. स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, जबकि दूसरा फरार है.
महोबा जनपद के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नरेडी का रहने वाला कल्लू अपनी पत्नी रमा के साथ मुख्यालय के पनागरपुरा में रहकर मजदूरी करता है. रमा घर चलाने में मदद के लिए पान मंडी में सब्जी बेचने का काम करती है लेकिन शुक्रवार का दिन रमा के लिए एक खौफनाक अनुभव लेकर आया. मंडी में काम के दौरान झोला टांगे दो युवक रमा के पास पहुँचे और भीख मांगने लगे. जब रमा ने पैसे देने से मना किया तो उन कथित बाबाओं ने उसे डराना शुरू कर दिया.
छड़ी से महिला के सिर और हाथ पर मारा
उन्होंने कहा कि उसके साथ अनर्थ होने वाला है और उसकी दशा ठीक नहीं चल रही है. महिला को मानसिक रूप से कमजोर करने के लिए उन्होंने अगरबत्ती और लोबान जलाया और दो गुलाब के फूल उसके सामने रख दिए. तभी अचानक उन बाबाओं ने अपनी छड़ी से महिला के सिर और हाथ पर मारा, जिसके तुरंत बाद रमा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी.













