
बिहार: सीएम नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा? JDU नेता ने साफ कर दी तस्वीर
ABP News
Nitish Kumar Rajya Sabha: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. इस बीच जेडीयू नेता ने सीएम आवास पर मुलाकात की है. इसके बाद उन्होंने सीएम को लेकर स्थिति साफ कर दी है.
देशभर की राजनीति में राज्यसभा चुनावों की सरगर्मियां तेज हैं. इसी बीच सूत्रों के हवाले से अटकलें लगाई जा रही हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन करने वाले हैं. नीतीश कुमार के नाम को लेकर चर्चाओं के बीच सूबे की सियासत तेज हो गई है.
इस बीच जेडीयू एमएलसी और नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय गांधी सीएम आवास पर नीतीश कुमार से मुलाकात करने के बाद बाहर निकले हैं. इस दौरान संजय गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार से राज्यसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई बातचीत नहीं हुई.
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच संजय गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार अभी बिहार के मुख्यमंत्री हैं. वह राज्यसभा जाएंगे या नहीं यह फैसला उन्हीं को करना है. हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते.
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार अपने फैसलों के बारे में किसी को जानकारी नहीं देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं. निशांत में राजनीतिक संभावनाएं हैं.













