
बिहार में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी के बीच बड़ी कार्रवाई, हिरासत में 2 लोग, इस जिले में हड़कंप
ABP News
LPG Crisis: यह कार्रवाई सासाराम शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में की गई है. टीम ने 10 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिन्हें अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था.
सरकार की ओर से सख्त निर्देश जारी किया गया है कि किसी भी हाल में एलपीजी की ब्लैक मार्केटिंग नहीं करनी है. इस बीच लोग मान नहीं रहे हैं. कहीं एजेंसी संचालकों पर आरोप लग रहा है तो खुले दुकानदार मनमानी कर रहे हैं. इस बीच बिहार के रोहतास में एक बड़ी कार्रवाई की गई है. बुधवार (11 मार्च, 2026) को जिला प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई. 10 सिलेंडर जब्त किए गए. दो लोगों को हिरासत में लिया गया.
यह कार्रवाई सासाराम शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में की गई है. अचानक हुई छापेमारी के बाद हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि एसडीएम नेहा कुमारी के नेतृत्व में खाद आपूर्ति विभाग और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक घर से 10 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था.
प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया. मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अचानक हुई इस छापेमारी की कार्रवाई से जक्की शहीद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने गैस की कालाबाजारी को लेकर नाराजगी भी जताई और प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-LPG के संकट के बीच बिहार में उठाया गया बड़ा कदम, DM-SP को निर्देश जारी













