
बिहार: डांस कर रही लड़की के मुंह में लोगों ने जबरन ठूसे सिक्के, गले में फंसा, हालत बेहद गंभीर
ABP News
Bihar News: बिहार में एक कार्यक्रम में कुछ दर्शकों ने मंच पर चढ़कर एक महिला के साथ डांस किया और फिर उसके मुंह में सिक्के ठूंस दिए. महिला ने एक सिक्का निगल लिया, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर हो गई है.
Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले के चंदवा डोला इलाके में आयोजित एक मंच कार्यक्रम के दौरान इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. कार्यक्रम में डांस कर रही एक महिला के साथ कुछ युवकों ने अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन उसके मुंह में सिक्के ठूंस दिए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई.
जानकारी के मुताबिक, मंच कार्यक्रम के दौरान महिला कलाकार दर्शकों का मनोरंजन कर रही थी. इसी दौरान कुछ युवक उत्साह में मंच पर चढ़ गए और महिला के साथ डांस करने लगे. अचानक उन्होंने जबरदस्ती महिला के मुंह में सिक्के डाल दिए और उसे निगलने के लिए मजबूर किया. महिला ने एक सिक्का निगल लिया, जिससे उसकी सांस रुकने लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गई.
डॉक्टर ने महिला के गले में फंसा सिक्का निकाला
डॉक्टरों ने गहन जांच की और महिला के गले में फंसे सिक्के को निकाल दिया, लेकिन डॉक्टरों ने कहा है कि महिला की हालत अभी भी गंभीर है और उसकी हालत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इस घटना ने राज्य के लोगों के बीच भारी हलचल मचा दी है. इतना ही नहीं इसने राज्य में काम कर रहे मंच कलाकारों की सुरक्षा पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.













