
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ड्रोन अटैक, एयरस्पेस किया गया बंद, आसमान में चक्कर काट रहे एयरफोर्स के विमान
ABP News
हमले के बाद राजधानी इस्लामाबाद के एयरस्पेस को बंद कर दिया गया है और आसमान में पाकिस्तानी एयरफोर्स के विमान चक्कर काट रहे हैं. इसके अलावा मरगला हिल्स इलाके में ड्रोन गिरने की खबर है.
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ड्रोन हमला हुआ है. फैजाबाद और आई-8 इलाके में 2 ड्रोन गिरे हैं. घटना के बाद इस्लामाबाद के एयरस्पेस को बंद कर दिया गया है और आसमान में पाकिस्तानी एयरफोर्स के विमान चक्कर काट रहे हैं. इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली फ्लाइटों को भी डाइवर्ट किया गया है. यहां शमशाबाद इलाके में धमाका भी हुआ है. आई-9 सेक्टर के पास भी धमाका होने की खबर है. मरगला हिल्स इलाके में ड्रोन गिरा और आग लगी है.
गुरुवार देर रात पाक ने अफगानिस्तान में की थी एयरस्ट्राइक
इससे पहले खबर आई थी कि पाकिस्तान ने एक बार फिर गुरुवार देर रात अफगानिस्तान की राजधानी काबुल समेत कई शहरों पर एयरस्ट्राइक की थी. तालिबान ने भी पाकिस्तान पर कई शहरों पर एक के बाद एक ड्रोन हमले किए. पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने इन हमलों में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया.
इन हमलों का मकसद अफगान तालिबान और तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाना था. इसके अलावा अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. साथ ही जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी.













