
पंजाबः आतंकी अर्शदीप डल्ला के दो गुर्गे गिरफ्तार, विदेशी बंदूक बरामद
AajTak
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर से आतंकी बने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला के दो करीबी सहयोगियों को अमृतसर से पकड़ा है. इनके पास से विदेशी गन भी बरामद की गई है.
पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने सोमवार को हर्ष कुमार और राघव नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक ये दोनों गैंगस्टर से आतंकी बने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला के करीबी सहयोगी हैं. पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़े अर्श डल्ला के दोनों सहयोगी हर्ष और राघव पंजाब के मोगा जिले के कोट इस्से खान के निवासी बताए जा रहे हैं.
पंजाब पुलिस के मुताबिक इनके पास से विदेश में बनी MP-5 गन और 44 कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वीके भावरा ने इस संबंध में बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर की टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हर्ष ने खुलासा किया है कि वह गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के सहयोग से अर्श डल्ला के संपर्क में आया था. गोपी को इसी साल जनवरी में मोगा पुलिस ने ग्रेनेड और अन्य हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया था.
पंजाब पुलिस के डीजीपी के मुताबिक गोपी की गिरफ्तारी के बाद अर्श डल्ला ने एनक्रिप्टेड एप के जरिये हर्ष से संपर्क स्थापित किया और उसे अपने लिए काम करने को प्रेरित किया. उन्होंने ये भी बताया कि अर्श ने दो बार हर्ष को पैसे भी भेजे थे. इन दोनों के साथ बरामद किए गए हथियारों का इंतजाम भी अर्श ने ही कराया था.
SSOC अमृतसर के AIG सुखमिंदर मान ने बताया कि इन दोनों को हथियार कैसे मिले और ये हथियार इन आरोपियों को देने के पीछे क्या उद्देश्य था? इस बात का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एसएसओसी ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. इस मामले में अर्श डल्ला को भी आरोपी बनाया है.
कौन है अर्श डल्ला?
अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला पंजाब के मोगा जिले का निवासी है. वह गैंगस्टर था जो आगे चलकर आतंकी बन गया. पंजाब से भागकर कनाडा को अपना ठिकाना बना चुका अर्श डल्ला हाल के दिनों में कई गैंगस्टर और आतंकी गतिविधियों में भी शामिल रहा है. पंजाब पुलिस पहले ही अर्श डल्ला से जुड़े कई मॉड्यूल का खुलासा कर उसके करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक डबल डेकर अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य यात्री घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे. फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, राजस्थान की एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई. इस दौरान यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया और 23 यात्री घायल हो गए.

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, PAK से नेपाल के रास्ते आ रहे विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद, 10 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े इस नेटवर्क के 10 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सब-मशीन गन सहित 21 विदेशी अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं जो दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे.

13 साल से कोमा में रहे हरीश राणा का आज दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क में अंतिम संस्कार कर दिया गया. सुप्रीम कोर्ट से निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति के बाद उनका एम्स में निधन हुआ था. अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. इससे पहले उनके पिता ने एक मैसेज जैसे ही व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा, उसे पढ़ते ही लोगों की आंखों से आंसू निकल आए.

क्रिकेटर रिंकू सिंह लखनऊ में आयोजित समारोह में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र लेने नहीं पहुंचे. रिंकू को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पद मिला है. इस समय वह आईपीएल की तैयारियों में जुटे हैं, जहां वे कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए खेलते हैं. उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नौकरी का लेटर सौंपा और कई खिलाड़ियों को पुरस्कारों से सम्मानित किया.









