
दिल्ली में 1 अप्रैल से बदल जाएगा नियम, हफ्ते में कितने दिन उठेगा गीला और सूखा कचरा? पढ़ें डिटेल
ABP News
Delhi News: एमसीडी एक अप्रैल से शहर में कूड़ा उठाने के तरीके में बड़ा बदलाव ला रहा है. नए 'सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026' के तहत अब गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दिनों में घर-घर से उठाया जाएगा.
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शहर में कूड़ा उठाने के तरीके को पूरी तरह बदलने की तैयारी कर ली है. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो राजधानी के सभी वार्डों में एक दिन छोड़कर कचरा संग्रहण की व्यवस्था लागू की जाएगी.
नई रूपरेखा के अनुसार गीला कचरा सप्ताह में चार दिन यानी सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को घरों से उठाया जाएगा. वहीं सूखा कचरा बाकी बचे दिनों में संग्रहित किया जाएगा. इस बदलाव का मकसद घर-घर स्तर पर कचरे को अलग करने की आदत को मजबूत करना है ताकि प्रोसेसिंग आसान हो सके.
यह कदम हाल ही में अधिसूचित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026 के अनुरूप उठाया जा रहा है, जो 2016 के नियमों की जगह लेंगे. नए प्रावधानों के तहत कचरे को चार हिस्सों—गीला, सूखा, सैनिटरी और स्पेशल केयर—में अलग करना अनिवार्य होगा. ये नियम शहर और ग्रामीण दोनों इलाकों में समान रूप से लागू किए जाएंगे.
निगम अधिकारियों के मुताबिक विस्तृत बायलॉज जारी किए जाने बाकी हैं, लेकिन प्रमुख बिंदुओं को लागू करने पर सहमति बन चुकी है. इस सिलसिले में 7 फरवरी को कमिश्नर संजीव खिरवार की अध्यक्षता में जोनल डिप्टी कमिश्नरों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की गई, जिसमें क्रियान्वयन की रूपरेखा पर मंथन हुआ.













