
दिल्ली: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की गाड़ी पर फायरिंग, कश्मीरी गेट इलाके की घटना
ABP News
Lawrence Bishnoi News: दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की गाड़ी पर फायरिंग हुई है.
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की गाड़ी पर फायरिंग हुई है. कुल 4 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. पुलिस जांच में जुटी. मंगलवार (24 फरवरी) की रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली. घटना की जो तस्वीर सामने आई है उसमें कार के पीछे का शीशा टूट गया.
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कश्मीरी गेट इलाके में पांच लोगों को ले जा रही एक गाड़ी पर फायरिंग हुई. इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया. गाड़ी में सवार लोगों में से एक वकील हैं, जो लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम का हिस्सा होने का दावा करते हैं.
लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में कहा, "कश्मीरी गेट के हनुमान मंदिर के पास ये वारदात हुई. हम लोग पांच लोग गाड़ी में थे. भगवान की दया से हम बच गए." उन्होंने कहा कि बीच में जो संदीप बैठा था उसे दो गोली लगी है.
वकील ने बताया कि एक स्कूटी पर तीन लोग सवार थे. हमने कार को भगाना शुरू किया. उन्होंने आशंका जताई कि कोई रेकी कर रहा था. हम गाड़ी के पिछले हिस्से की तरफ से किया गया. मंदिर से निकलकर जब घर की ओर निकल रहे थे तभी फायरिंग हुई. घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है.













