
‘घबराएं नहीं! देश में पेट्रोल-डीजल और गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध’, LPG पर अफवाहों के बीच सरकार ने क्या कहा?
ABP News
LPG Crisis in India: पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि हमारी सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं. कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में कोई रुकावट नहीं है.
देशभर में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती मांग और अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल किसी भी गैस एजेंसी या डीलर पर गैस खत्म होने जैसी स्थिति नहीं है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने लोगों से पैनिक बुकिंग से बचने की अपील करते हुए कहा कि देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
कितना है भंडारण
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुजाता शर्मा ने बताया कि कच्चे तेल के मामले में भारत के पास 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है और पेट्रोल-डीजल के उत्पादन में देश आत्मनिर्भर है. उन्होंने कहा, ‘हमारी सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं. कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में किसी तरह की रुकावट नहीं है.’
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर के करीब एक लाख पेट्रोल पंपों पर किसी प्रकार की ‘ड्राई आउट’ स्थिति की सूचना नहीं मिली है और सभी जगह पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है. घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति भी बिना किसी कटौती के जारी है.













