
खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट, निखिल गुप्ता ने कबूल किया जुर्म, 40 साल तक की हो सकती है सजा
ABP News
Nikhil Gupta: अमेरिका में खालिस्तान समर्थक नेता की हत्या की साजिश के मामले में आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क की अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
Nikhil Gupta: अमेरिका में रहने वाले खालिस्तान समर्थक कार्यकर्ता गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के मामले में बड़ा मोड़ आया है. भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क की अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया. यूएस अटॉर्नी ऑफिस, साउदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क ने इसकी पुष्टि की है.
क्या है पूरा मामला54 साल के निखिल गुप्ता ने मैनहैटन की फेडरल कोर्ट में पेश होकर माना कि उन्होंने पन्नून की हत्या के लिए एक ऐसे शख्स को 15 हजार डॉलर दिए, जिसे वे सुपारी किलर समझ रहे थे. यह घटना साल 2023 के बीच की बताई गई है. पहले गुप्ता ने खुद को बेगुनाह बताया था, लेकिन अब उन्होंने आरोप मान लिए हैं. पन्नून न्यूयॉर्क में रहते हैं और प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस का नेतृत्व करते हैं.
अमेरिकी अधिकारियों का बयानअमेरिकी अटॉर्नी जे क्लेटन ने कहा, “निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क में एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश रची. उसे लगा कि वह बाहर बैठकर यहां किसी को मार सकता है और उसे कुछ नहीं होगा, लेकिन वह गलत था. अब उसे सजा मिलेगी.”
गुप्ता ने तीन आरोपों में दोष कबूल किया है, हत्या की सुपारी देना, हत्या की साजिश रचना और पैसे की हेराफेरी की साजिश. इन सभी मामलों में मिलाकर उन्हें अधिकतम 40 साल तक की जेल हो सकती है. उनकी सजा का ऐलान विक्टर मारेरो 29 मई को करेंगे. गुप्ता को जून 2024 में चेक गणराज्य से प्रत्यर्पित कर अमेरिका लाया गया था. तब से वे ब्रुकलिन में बिना जमानत जेल में बंद हैं.













