
काबुल के अस्पताल पर हमले को लेकर भारत ने पाकिस्तान की निंदा की, मृतकों की संख्या बढ़ी
The Wire
भारत ने काबुल स्थित अस्पताल में पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान की यह घिनौनी आक्रामक कार्रवाई अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए ख़तरा है. उधर अफ़ग़ान सरकार ने बताया है कि मृतकों की संख्या 408 और घायलों की संख्या 265 हो गई है.
नई दिल्ली: काबुल स्थित ओमिद ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर पाकिस्तान के हवाई हमले के एक दिन बाद भारत ने मंगलवार (17 मार्च) को इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘कायरतापूर्ण’ और ‘अमानवीय हिंसा का कृत्य’ बताया. वहीं, अफगान सरकार ने कहा कि इस हमले में कम से कम 408 लोगों की मौत हुई है, वहीं। संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने जवाबदेही तय करने की मांग की है.
विदेश मंत्रालय (एमईए) के आधिकारिक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘भारत काबुल में ओमिद ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर 16 मार्च की रात पाकिस्तान के बर्बर हवाई हमले की कड़ी निंदा करता है. यह एक कायरतापूर्ण और अमानवीय हिंसा का कृत्य है, जिसमें बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान गई है. यह किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य नहीं था. पाकिस्तान अब इस नरसंहार को सैन्य कार्रवाई के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है.’
मंत्रालय ने आगे कहा, ‘पाकिस्तान की यह घिनौनी आक्रामक कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए खतरा है. यह उसके लापरवाह बर्ताव और अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहरी हिंसा के जरिए छिपाने के प्रयास को दर्शाता है.’
रमजान के पवित्र महीने के दौरान हुए इस हमले को और भी ‘निंदनीय’ बताते हुए मंत्रालय ने कहा कि ‘किसी भी धर्म, कानून या नैतिकता के तहत अस्पताल और मरीजों को निशाना बनाना उचित नहीं ठहराया जा सकता.’
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस ‘आपराधिक कृत्य’ के दोषियों को जवाबदेह ठहराने और अफगानिस्तान में नागरिकों को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत रोकने की अपील की. साथ ही भारत ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अफगानिस्तान की जनता के साथ एकजुटता जताई.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराते हैं.’

अमेरिका और इज़रायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या की भारत के विपक्षी दलों ने कड़ी निंदा की है. विपक्ष ने केंद्र सरकार की विदेश नीति की भी आलोचना करते हुए कहा कि लंबे समय से ‘मित्र’ रहे ईरान पर थोपे गए युद्ध को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया भारत के मूल्यों, सिद्धांतों और हितों के साथ ‘विश्वासघात’ है.

