
ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई: बहरीन, कुवैत, क़तर और दुबई में विस्फोटों की ख़बर
The Wire
अमेरिका और इज़रायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी जारी कर कहा था कि वह पलटवार करेंगे और सेना कब्जे़ वाले इलाक़ों और अमेरिकी ठिकानों पर बजने वाले ख़तरे के सायरन को शांत नहीं होने देगी.
नई दिल्ली: ईरान ने रविवार (1 मार्च) सुबह पश्चिम एशिया में इज़रायल और अमेरिकी ठिकानों पर एक नया हमला शुरू किया. बहरीन, कुवैत, क़तर और संयुक्त अरब अमीरात में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि उसने इस क्षेत्र में इज़रायल और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के ‘छठवें दौर की शुरुआत की है.
उल्लेखनीय है कि यह जवाबी कार्रवाई शनिवार (28 फरवरी) को ईरान पर हुए इज़रायल-अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की मौत के बाद सामने आई है. ईरान ने रविवार सुबह ख़ामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की.
मालूम हो कि शनिवार को ईरान पर हमला तेहरान, इस्फ़हान, क़ोम, कराज और करमानशाह शहरों में हवाई हमलों से शुरू हुआ था.
इस संबंध में रविवार को भारत में ईरानी दूतावास ने बताया कि हिंद महासागर में ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ की पांचवें दौर में अमेरिकी जहाजों के लिए गोला-बारूद ले जा रहे एमएसपी जहाज पर जेबेल अली बंदरगाह पर चार ड्रोन से हमला किया गया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
ज्ञात हो कि जेबेल अली दुबई का एक प्रमुख वाणिज्यिक बंदरगाह है.
