
ईरान पर अमेरिका-इज़रायल के हमले का 10वां दिन: मोजतबा ख़ामेनेई नए सुप्रीम लीडर, तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार
The Wire
ईरान पर अमेरिका और इज़रायल का हमला दसवें दिन भी जारी है. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ख़ामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया. संघर्ष के बीच तेल की कीमत 100 डॉलर पार पहुंच गई. हमलों के कारण लेबनान में पांच लाख से ज्यादा लोगों को विस्थापित होना पड़ा है.
नई दिल्ली: अमेरिका और इज़रायल द्वारा 28 फरवरी से ईरान पर शुरू किए गए सैन्य हमलों के बाद चल रहा संघर्ष अब दसवें दिन में पहुंच गया है. लगातार जारी बमबारी के बीच ईरान में बड़ा राजनीतिक बदलाव भी हुआ है. ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया है.
56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई ऐसे समय में सत्ता संभाल रहे हैं जब अमेरिका और इज़रायल की ओर से तेहरान समेत ईरान के कई हिस्सों पर हमले जारी हैं. इसके जवाब में ईरान भी इज़रायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है. साथ ही उन देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उनसे जुड़े लक्ष्यों को भी निशाना बनाया गया है, जहां अमेरिकी सेना तैनात है. इनमें बहरीन, कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल हैं.
इस युद्ध के चलते पूरे पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और इसके असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई देने लगे हैं. रविवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत साढ़े तीन साल से अधिक समय बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई. ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर करीब 107.97 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जो शुक्रवार के मुकाबले लगभग 16.5 प्रतिशत अधिक है. वहीं अमेरिका में उत्पादित वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड का भाव करीब 106.22 डॉलर प्रति बैरल दर्ज किया गया.
#BREAKING Ayatollah Seyyed Mojtaba Khamenei became the leader of Iran
The Assembly of Experts, with an overwhelming majority of votes, introduced Ayatollah Haj Seyyed Mojtaba Khamenei as the third leader of the Islamic Republic of Iran. pic.twitter.com/0s4EGNUtdO
— Tehran Times (@TehranTimes79) March 8, 2026
