
अफ़ग़ानिस्तान का आरोप- काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले में 400 लोगों की मौत
The Wire
अफ़ग़ानिस्तान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान द्वारा सोमवार देर रात राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर किए गए हवाई हमले में 400 लोगों की जान गई. वहीं, पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमले के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि उसके हमले, जो पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में भी किए गए, में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया.
काबुल: अफ़ग़ानिस्तान ने आरोप लगाया है कि सोमवार (16 मार्च) देर रात राजधानी काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर किए गए हवाई हमले में पाकिस्तान ने कम से कम 400 लोगों की जान ले ली. यह पिछले महीने के अंत में शुरू हुए संघर्ष में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, जहां सीमा पार झड़पों और अफ़ग़ानिस्तान के भीतर हवाई हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्धविराम की अपीलों को नजरअंदाज किया गया है.
पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमला करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसके हमले, जो पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में भी किए गए, किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाते.
अफगान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि यह हवाई हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे काबुल के अस्पताल पर हुआ, जिससे 2,000 बिस्तरों वाले इस अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया. उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या अब तक 400 तक पहुंच गई है, जबकि लगभग 250 लोग घायल बताए गए हैं.
स्थानीय टीवी चैनलों ने ऐसे वीडियो साझा किए, जिनमें सुरक्षा बल टॉर्च की रोशनी में घायलों को बाहर निकालते दिख रहे हैं, जबकि दमकलकर्मी इमारत के मलबे में लगी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. फितरत के अनुसार, बचाव दल आग पर काबू पाने और शवों को निकालने में जुटे हैं.
यह हमला उस समय हुआ जब कुछ घंटे पहले ही दोनों देशों के बीच सीमा पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें अफ़ग़ानिस्तान में चार लोगों की मौत हुई थी. यह हाल के वर्षों में दोनों पड़ोसी देशों के बीच सबसे घातक संघर्ष का तीसरा सप्ताह है.
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान पर ‘अस्पतालों और नागरिक स्थलों को निशाना बनाकर भयावहता फैलाने’ का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मारे गए और घायल सभी लोग अस्पताल के मरीज थे.

