
ईरान ही नहीं भारत के भी न्यूक्लियर पावर बनने के बीच खड़ा था अमेरिका, 'परमाणु' फिल्म ने दिखाई थी कहानी
AajTak
बॉलीवुड फिल्म 'परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण' में दिखाया गया है कि कैसे USA द्वारा सैटेलाइट के माध्यम से नजर रखने के बावजूद भारत ने परमाणु परीक्षण को सफलतापूर्वक अंजाम दिया था.
ईरान के परमाणु परीक्षण को लेकर अमेरिका और इजराइल पूरी तरह से आक्रामक हैं. उन्होंने साफ कर दिया है कि वे ईरान को परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे. इसी कड़ी में इजराइल और अमेरिका ने पिछले 24 घंटे में ईरान पर हजारों बम गिरा दिए. इन हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है.
अब परमाणु कार्यक्रम की बात निकली है तो भारत का 1998 का इतिहास याद आना लाजमी है. इस साल भारत ने अपना दूसरा न्यूक्लियर टेस्ट किया था. इसी ऐतिहासिक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना को जॉन अब्राहम की फिल्म 'परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण' में बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है.
खास बात ये है कि अमेरिका ने ईरान की तरह ही भारत को हर हाल में परमाणु परीक्षण करने से मना किया था और अपनी नजरें गड़ा रखी थीं. लेकिन, भारत ने अपनी सुरक्षा और संप्रभुता को ऊपर रखते हुए, अमेरिका के कड़े प्रतिबंधों और धमकियों की परवाह किए बिना राजस्थान के पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को चौंका दिया था.
फिल्म परणाणु में क्या दिखाया गया? फिल्म 'परमाणु' सीधे तौर पर 1998 में हुए 'ऑपरेशन शक्ति' (पोखरण-II) पर आधारित है. यह कहानी सिर्फ एक परीक्षण की नहीं, बल्कि उस जिद और जुनून की है जो भारतीय वैज्ञानिकों और सेना के अधिकारियों में देश को परमाणु संपन्न बनाने के लिए था. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक तरफ दुनिया भर की निगाहें भारत पर थीं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय टीम चुपचाप अपने मिशन को अंजाम देने में जुटी थी.
फिल्म का सबसे रोमांचक हिस्सा वह है जब भारतीय टीम अमेरिकी सैटेलाइट की नजरों से बचकर परीक्षण की तैयारी करती है. पोखरण के रेगिस्तान में दिन के उजाले में काम करना नामुमकिन था क्योंकि उपग्रहों के कैमरे सब रिकॉर्ड कर रहे थे. फिल्म में दर्शाया गया है कि कैसे वैज्ञानिक और फौजी रात के अंधेरे में काम करते थे और सुबह होने से पहले सबूत मिटा देते थे, ताकि अमेरिका को भनक तक न लगे.
'परमाणु' सिर्फ तकनीकी जानकारी नहीं देती, बल्कि यह दिखाती है कि जब देश की सुरक्षा का सवाल हो, तो भारत किसी के दबाव में नहीं आता. यह फिल्म भारतीय दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है, जिसने अंतरराष्ट्रीय दबाव की फिक्र न करते हुए भारत को दुनिया के परमाणु मानचित्र पर स्थापित किया.

हॉलीवुड स्टार टॉम हॉलैंड-जैंडेया की हुई सीक्रेट वेडिंग! एक्ट्रेस के स्टाइलिस्ट का खुलासा, फैंस हैरान
लॉस एंजेलिस में 2026 एक्टर्स अवॉर्ड्स के इवेंट में हॉलीवुड स्टार जैंडेया के स्टाइलिस्ट ने एक बड़ा खुलासा कर दिया है. उनका कहना है कि टॉम हॉलैंड और जैंडेया की शादी हो चुकी है. इस खबर से सोशल मीडिया पर फैंस खुशी के साथ-साथ हैरानी जता रहे हैं.












