
अलीगढ़ में नगर निगम की कार्रवाई पर बवाल, फुटपाथ व्यापारियों से धक्का-मुक्की, कई घायल
ABP News
Aligarh News: कई व्यापारियों का आरोप है कि उनके फलों की पेटियां और अन्य सामान उठाकर नाली में फेंक दिया गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ. इस दौरान काफी हंगामा हुआ.
उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम की कार्रवाई एक बार फिर विवादों में घिर गई है. थाना सिविल लाइन क्षेत्र के तसवीर महल इलाके में नगर निगम के सचल दस्ते द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान फुटपाथ पर ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले व्यापारियों के साथ नगर निगम के सचल दल के लोगो के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है.
आरोप है कि निगम कर्मियों सचल दल के लोगो के द्वारा पहले धकेल वालो को पटरी से ऊपर लगाने का आश्वासन दिया था फिर उनकी धकेल को नाली में फेंक दिया गया. विरोध करने पर ठेला चालकों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनके सिर फोड़ दिए. घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम का सचल दस्ता सुबह के समय तसवीर महल क्षेत्र में पहुंचा. टीम ने फुटपाथ पर लगे ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. इस दौरान कुछ व्यापारियों ने अधिकारियों से मोहलत देने की गुहार लगाई और वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की. आरोप है कि इसी बीच कहासुनी बढ़ गई और निगम कर्मचारियों ने सख्ती दिखाते हुए ठेलों को पलटना शुरू कर दिया. कई व्यापारियों का आरोप है कि उनके फलों की पेटियां और अन्य सामान उठाकर नाली में फेंक दिया गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ.
घटना में घायल हुए एक ठेला चालक ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से वहीं पर फल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है. उसके अनुसार, बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक कार्रवाई की गई. जब उसने अपने सामान को संभालने की कोशिश की तो उसे धक्का दिया गया, जिससे उसका सिर फट गया. अन्य व्यापारियों ने भी इसी तरह की शिकायतें की हैं. कुछ ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान महिला ग्राहकों और बच्चों के सामने अभद्र व्यवहार किया गया.













