
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति करजई ने की पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की निंदा, की दुश्मनी खत्म करने की अपील
ABP News
तालिबान ने बताया है कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका सहित कई अफगान प्रांतों में नए सैन्य हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिक हताहत हुए.
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका इलाकों में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे पड़ोसी होने के सिद्धांतों, इंसानी मूल्यों और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का साफ और गंभीर उल्लंघन बताया. इन हमलों में कई आम लोग मारे गए हैं. करजई ने पाकिस्तानी सरकार से दुश्मनी छोड़ने, दूर की सोच रखने और अफगानिस्तान के साथ सभ्य तरीका अपनाने की भी अपील की.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, 'अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई देश की राजधानी और कंधार, पक्तिया और पक्तिका प्रांतों पर पाकिस्तानी हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसके कारण हमारे कई देशवासी, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, शहीद हुए और इसे पड़ोसी होने के सिद्धांतों, मानवीय मूल्यों और अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का साफ और गंभीर उल्लंघन मानते हैं. हामिद करजई एक बार फिर पाकिस्तान सरकार से दुश्मनी छोड़ने, दूर की सोच रखने और अफगानिस्तान के साथ अच्छे और सभ्य संबंध और तरीका अपनाने की अपील करते हैं.'
पूर्व राष्ट्रपति का यह बयान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान ने काबुल
, कंधार, पक्तिया और पक्तिका सहित कई अफगान प्रांतों में नए सैन्य हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिक हताहत हुए. इन हमलों से अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर तनाव बढ़ गया है. तालिबान ने इन हमलों की निंदा करते हुए इसे अफगान संप्रभुता का उल्लंघन बताया है.













