
West Bengal: BJP विधायक की पत्नी की गाड़ी पर हमला, काली पूजा के कार्यक्रम में जाते समय हुई घटना
ABP News
West Bengal News: बनगांव में काली पूजा कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक अशोक कीर्तनियां की पत्नी की गाड़ी पर लाठी-रॉड और जलती मशालों से हमला करने का आरोप लगा है, जिससे इलाके में तनाव फैल गया.
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बनगांव में बीजेपी विधायक की पत्नी की गाड़ी पर हमले का सनसनीखेज आरोप सामने आया है. बनगांव उत्तर से बीजेपी विधायक अशोक कीर्तनियां की पत्नी मौमिता कीर्तनियां काली पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तभी उनकी गाड़ी को गोपालनगर के बेलेडांगा इलाके में घेर लिया गया.
बीजेपी विधायकों का आरोप है कि सशस्त्र लोगों के एक समूह ने लाठी, रॉड और बांस से गाड़ी पर हमला किया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों के सिरों पर आग लगाकर गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की. इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
50–60 लोगों ने किया हमला- रिंकू बैरागी
बनगांव दक्षिण से बीजेपी विधायक स्वप्न मजूमदार की सास रिंकू बैरागी ने आरोप लगाया कि करीब 50 से 60 लोग सड़क पर खड़े थे. उनके हाथों में रॉड और हथियार थे. लाठियों के सिरों पर आग लगी हुई थी और गाड़ी को जलाने की योजना थी. उन्होंने बताया कि गाड़ी पर बेरहमी से हमला किया गया और गालियां भी दी गईं. उनका दावा है कि यह एक बड़ी साजिश थी.













