
Vaishakh Month 2026: वैशाख माह 3 अप्रैल से शुरू, साल के 12 महीनों में इसका अधिक महत्व, इन कार्यों से मिलेगा पुण्य
ABP News
Vaishakh Month 2026 Start Date: वैशाख महीना 3 अप्रैल से 1 मई तक रहेगा. ये पुण्य कमाने का श्रेष्ठ महीना है. वैशाख में कौन से मांगलिक कार्य कर सकते हैं, इसके नियम, दान, व्रत त्योहार सभी जान लें.
Vaishakh Month 2026 Start Date: हिंदू कैलेंडर के अनुसार साल के 12 महीनों में वैशाख को सबसे पुण्यदायी माह माना गया है. स्कंद पुराण के अनुसार “न वैशाखसमो मासो न कृतं समं तपः। न दानं सममस्त्येव न गंगा सममं जलम्॥” अर्थात वैशाख के समान कोई महीना नहीं, न ही इसके समान कोई तप, दान या गंगा जल है.
वैशाख माह 3 अप्रैल 2026 से शुरू हो रहा है और इसकी समाप्ति 1 मई 2026 को होगी.वैशाख में जैसे-जैसे सूर्य की तपिश बढ़ती है, वैसे-वैसे इस महीने में किए गए धर्म-कर्म का महत्व भी बढ़ जाता है इसलिए ऋषि-मुनियों ने इसे आत्मशुद्धि और पुण्य संचय का श्रेष्ठ समय बताया है. वैशाख का श्रीकृष्ण से क्या संबंध है. इस माह में क्या करना चाहिए, किन कामों से बचें. वैशाख के व्रत त्योहार सभी जानें.
वैशाख पुण्य कमाने का महीना
पुराणों में वर्णित है कि वैशाख पूरे महीने में किए गए स्नान, दान, जप और तप का फल अक्षय होता है, यानी यह कभी समाप्त नहीं होता. इसके अलावा वैशाख में विवाह, नई चीजों की शुरुआत, गृह प्रवेश, 16 संस्कार करना कभी न खत्म होने वाला पुण्य देता है. श्रीकृष्ण ने वैशाख को अपना प्रिय महीना माना है.









