
Google का नया फीचर! अब बदल सकेंगे अपना पुराना Gmail यूजरनेम, जानिए पूरा नया तरीका
ABP News
How to change Gmail Username: Google का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर लाया गया है. अब आप अपने अकाउंट का यूजरनेम बदलकर उसे अपनी नई पहचान के मुताबिक अपडेट कर सकते हैं.
How to change Gmail Username: अगर आप लंबे समय से अपने पुराने Gmail यूजरनेम से परेशान हैं और उसे बदलना चाहते थे तो अब आपके लिए अच्छी खबर है. टेक कंपनी Google ने एक नया फीचर पेश किया है जिसके जरिए यूजर्स अब अपने Google अकाउंट का ईमेल यूजरनेम (यानी @gmail.com से पहले वाला हिस्सा) बदल सकते हैं. इसका मतलब यह है कि अब नया और बेहतर यूजरनेम पाने के लिए नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
कंपनी के मुताबिक, फिलहाल यह सुविधा अमेरिका के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है. हालांकि आने वाले हफ्तों में इसे दूसरे देशों में भी धीरे-धीरे रोलआउट किया जाएगा. यानी भारत में भी जल्द ही यह फीचर देखने को मिल सकता है.
Google का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर लाया गया है. अब आप अपने अकाउंट का यूजरनेम बदलकर उसे अपनी नई पहचान के मुताबिक अपडेट कर सकते हैं. नया यूजरनेम चुनने के बाद वही आपका मुख्य लॉगिन आईडी बन जाएगा जिसका इस्तेमाल आप Gmail, Photos, Drive और अन्य सेवाओं में कर पाएंगे.
अगर आपके अकाउंट में यह फीचर आ चुका है तो आप कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके अपना यूजरनेम बदल सकते हैं. सबसे पहले अपने Google अकाउंट की सेटिंग्स में जाएं. इसके बाद Personal Info सेक्शन पर टैप करें. यहां आपको Email का विकल्प मिलेगा उस पर क्लिक करें. फिर Google Account email चुनें और Change Google Account email ऑप्शन पर जाएं. अब अपना नया यूजरनेम डालें और दिए गए निर्देशों को पूरा करें. अगर आपको यह ऑप्शन नहीं दिखता है तो इसका मतलब है कि यह फीचर अभी आपके अकाउंट में उपलब्ध नहीं हुआ है.
