
April Fools Day 2026: अप्रैल फूल डे पर 'मजाक' नहीं करें ये अच्छे काम, कमाएं पुण्य
ABP News
April Fools Day 2026:अप्रैल फूल डे पर लोग मजाक या प्रैंक करते हैं. कई बार लोग मजाक की आड़ में मर्यादा भी भूल जाते हैं. इसलिए इस बार अप्रैल फूल पर मजाक करने के बजाय ऐसे काम करें, जिससे पुण्य लाभ मिले.
April Fools Day 2026: दुनियाभर में 1 अप्रैल के दिन को अप्रैल फूल डे के रूप में मनाया जाता है. इस दिन लोग एक दूसरे को बेवकूफ बनाते हैं. अप्रैल फूल डे का मतलब होता है, हल्की-फुल्की हंसी-मजाक के माध्यम से मुस्कुराहट बांटना और तनाव को दूर कर हंसना-खिलखिलाना.
लेकिन कई बार लोग हंसी-मजाक के नाम पर ऐसे मजाक या प्रैंक करते हैं, जो मानसिक या शारीरिक क्षति का कारण भी बन जाती है. इसलिए अप्रैल फूल डे पर प्रैंक करने से पहले यह जरूर निश्चित कर लें कि, इससे किसी को भी किसी तरह का नुकसान न पहुंचे.
हमारी भारतीय संस्कृति में भी किसी को धोखा देना या अपमानित करना उचित नहीं माना जाता है. इसलिए धर्मग्रंथों में सत्य, करुणा और सद्भावना की बात कही गई है और इसे ही सबसे बड़ा धर्म बताया गया है. इसलिए आप भले ही 1 अप्रैल को हल्के-फुलके मजाक के तौर पर अप्रैल फूल डे को इंजॉय करें. लेकिन अगर आप वाकई किसी की मुस्कुराहट की वजह बनना चाहते हैं और पुण्य पाना चाहते हैं तो आज के दिन कुछ अच्छे कार्य भी कर सकते हैं, जिससे आपका दिन सार्थक बन सकता है.
किसी को खुश करने की कोशिश करें- निदा फ़ाज़ली का शेर है-‘घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूँ कर लें, किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए’. अप्रैल फूल डे के दिन भी यदि आप किसी को उपहार देकर, शुभ संदेश भेजकर या किसी पुराने मित्र से संपर्क कर उन्हें खुश करते हैं, तो यह भी एक सकारात्मक कार्य माना जाता है. इससे रिश्तों में मधुरता बढ़ती है.
