
US-Israel Attack Iran: 'अमेरिका भारत-चीन की तरक्की को रोकना...', मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के बीच ईरान का बड़ा खुलासा, जानें क्या कहा?
ABP News
US-Israel Attack Iran: अमेरिका-इजरायल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं. इस बीच ईरान के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने अमेरिका पर वैश्विक संघर्ष बढ़ाने और भारत-चीन को रोकने का आरोप लगाया है.
US और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका पर वैश्विक संघर्षों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अमेरिका अपनी ताकत बनाए रखने के लिए दुनिया में अस्थिरता पैदा करता है. भारत में ईरान के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि ईरान के साथ जारी संघर्ष का एक मकसद भारत और चीन जैसी उभरती ताकतों को आगे बढ़ने से रोकना भी है.
अमेरिका किसी देश को बराबरी में नहीं आने देगा: इलाही
अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि आने वाले समय में भारत, चीन, रूस और अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी शक्तियां होंगी, लेकिन अमेरिका नहीं चाहता कि कोई और देश उसके बराबर ताकतवर बने. उनके मुताबिक, इसी वजह से अमेरिका ऐसे युद्धों को बढ़ावा देता है ताकि वह अपनी वैश्विक पकड़ बनाए रख सके.
इलाही ने यह भी कहा कि युद्ध की शुरुआत अमेरिका और इजरायल ने की है, न कि ईरान ने. उन्होंने कहा कि ईरान अपने बचाव में कार्रवाई कर रहा है. उनका कहना था कि अमेरिका और इजरायल ईरान पर हमले कर रहे हैं और नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहे हैं, जबकि ईरान सिर्फ अपनी रक्षा कर रहा है.













