
UP News: 'यह बनावट है...', आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमले के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की प्रतिक्रिया
ABP News
UP News In Hindi: आशुतोष ब्रह्मचारी के ऊपर ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ है. इस पर उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर साजिश के आरोप लगाए हैं.
अध्यात्मिक गुरु आशुतोष ब्रह्मचारी के ऊपर रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में प्रयागराज जाते वक्त जानलेवा हमला किया गया है. इस बीच उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर हमले के पीछे साजिश के आरोप लगाए हैं. इसके लिए उन्होंने जीआरपी पुलिस को शिकायत भी दी है. वहीं इस मामले पर अब शंकराचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई है.
शंकराचार्य ने इस हमले पर आशुतोष ब्रह्मचारी का नाम बिना लिया कहा कि वे कह रहे हैं कि टॉयलेट में गए तब तक ठीक थे, लेकिन वहां से निकलने के बाद उनका यह हाल हो गया. शंकराचार्य ने कहा कि बाथरूम से निकलने के बाद उनको किसने मार दिया. केवल माहौल बनाने के लिए यह बनावट है.
शंकराचार्य ने आगे कहा कि यह सुरक्षा प्राप्त करने के लिए किया गया है. इससे ज्यादा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है. उन्होंने आगे सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर भारत सरकार की रेल ही सुरक्षित नहीं रह गई. कोई यात्री चाहे वे आशुतोष ही क्यों न हो अगर वह यात्रा कर रहे हैं तो जीआरपी और रेल प्रशासन कहां है.
उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि कैसे किसी यात्री पर हमला हो जाता है. यह तो सुरक्षित जगह मानी जाती है. उन्होंने आगे कहा कि ऐसी जगहों पर अगर किसी के ऊपर हमला हो जाता है तो यह हमें समझ नहीं आता. इसका जवाब रेलवे प्रशासन को देना होगा.













