
Sirohi News: ऑन ड्यूटी शराब के नशे में कर्मचारी ने स्पीड पोस्ट करने से किया इनकार, व्यवस्था पर उठे सवाल
ABP News
Sirohi News In Hindi: आबूरोड डाकघर में एक कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने और स्पीड पोस्ट करने से इनकार करने का आरोप लगा है. मामले के सामने आने के बाद व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे.
सिरोही जिले में डाक विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है. आबूरोड स्थित डाकघर में एक कर्मचारी के ऑन ड्यूटी शराब के नशे में होने और ग्राहकों से बदसलूकी करने के आरोप लगे हैं. घटना 9 मार्च सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट की बताई जा रही है, जब एक ग्राहक स्पीड पोस्ट करवाने के लिए डाकघर पहुंचा.
ग्राहक का आरोप है कि वहां मौजूद डाक कर्मचारी ने स्पीड पोस्ट करने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि “यहां रखकर चले जाओ, जब समय मिलेगा तब कर दूंगा.” ग्राहक के अनुसार कर्मचारी मनोहर लाल उस समय शराब के नशे में था और कार्यालय में ही सोता हुआ मिला. इस घटना के सामने आने के बाद डाक विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
ग्राहक के अनुसार जब वह स्पीड पोस्ट करवाने के लिए आबूरोड डाकघर पहुंचा तो संबंधित कर्मचारी ने न केवल काम करने से मना कर दिया बल्कि अभद्र व्यवहार भी किया. ग्राहक ने आरोप लगाया कि कर्मचारी शराब के नशे में था और ड्यूटी के दौरान सो रहा था. ग्राहक का कहना है कि केंद्र सरकार के कार्यालयों में इस प्रकार की कार्यशैली बेहद चिंताजनक है. इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सरकारी सेवाओं की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ रहा है.
मामले को लेकर जब डाक विभाग के अधीक्षक सुमित सैनी से बात की गई तो उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच करवाने की बात कही. अधीक्षक के निर्देश के बाद निरीक्षण डाकपाल (IPO) महेश मीणा मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि जांच के दौरान संबंधित कर्मचारी को कार्यालय के अंदर ले जाकर पूछताछ की गई. हालांकि इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है.













