
Oscars के मंच पर लगे 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे, जंग पर एक्टर ने दिया मैसेज, प्रियंका चोपड़ा ने किया रिएक्ट
AajTak
ऑस्कर अवॉर्ड 2026 सेरेमनी खास वजह से चर्चा में रही. जेवियर बार्डेम ने मंच पर फिलिस्तीन और जंग को लेकर खास मैसेज दिया. उनका बयान खूब वायरल हो रहा है, जिसपर दुनियाभर के लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) में स्पेनिश एक्टर जेवियर बार्डेम ने अपनी स्पीच से दुनियाभर के लोगों का ध्यान खींच लिया है. जेवियर बार्डेम ऑस्कर स्टेज पर प्रियंका चोपड़ा संग बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म का अवॉर्ड प्रेजेंट करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मौजूदा जंग के हालातों को देखते हुए दुनिया को एक स्ट्रॉन्ग पॉलिटिकल मैसेज दिया, जिसकी खूब चर्चा हो रही है.
जेवियर बार्डेम ने क्या कहा?
जेवियर बार्डेम ऑस्कर के मंच पर फिलिस्तीन को ओपनली सपोर्ट करते नजर आए. उन्होंने अपनी स्पीच में 'नो टू वॉर और और फ्री फिलिस्तीन' के नारे लगाए. उनकी ये बात सुनकर उनके साथ खड़ी प्रियंका चोपड़ा एक पल के लिए हैरान दिखीं. फिर वो हामी भरते हुए मुस्कुराने लगीं. जेवियर बार्डेम की स्पीच पर डॉल्बी थिएटर तालियों की आवाज से गूंज उठा.
सिर्फ इतना ही नहीं जेवियर बार्डेम ने इवेंट में जो जैकेट पहनी, उस पर एक बेज लगा दिखा, जिसपर लिखा था ‘नो अ ला गुएर्रा' (नो टू वॉर). उन्होंने अपने आउटफिट के जरिए भी फिलिस्तीन को सपोर्ट किया. वो पहले भी कई दफा फिलिस्तीन के सपोर्ट में आवाज उठा चुके हैं.
जेवियर बार्डेम की फिलिस्तीन को लेकर स्पीच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जेवियर को अपनी स्पीच के लिए लोगों से मिक्स्ड रिएक्शन्स मिल रहे हैं. कुछ लोग उनकी हिम्मत की सराहना कर रहे हैं, तो कई उन्हें खरी-खोटी भी सुना रहे हैं.
प्रियंका चोपड़ा का दिखा खास अंदाज ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की बात करें तो वो एकेडमी अवॉर्ड्स में बतौर प्रेजेंटर शामिल हुईं. प्रियंका इवेंट में कस्टम व्हाइट Dior गाउन में इलेक्ट्रिफाइंग लुक में दिखाई दीं. उन्होंने इवेंट में पति निक संग एंट्री ली. प्रियंका ने हर किसी को अपने स्वैग से इंप्रेस किया. इवेंट से उनके कई फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं.

ऑस्कर्स के इतिहास में सबसे ज्यादा नॉमिनेशंस के रिकॉर्ड के साथ पहुंची 'सिनर्स' का जलवा 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में नजर आया. लेकिन इससे ज्यादा बड़ी कामयाबी 'वन बैटल आफ्टर एनदर' के हाथ लगी जो इस अवॉर्ड सीजन सरप्राइज बनकर उभरी. 'सिनर्स' के लिए सबसे बड़ी कामयाबी माइकल बी जॉर्डन को मिली जो फाइनली बेस्ट एक्टर बने.












