
Lok Sabha: लोकसभा में राहुल गांधी का सरकार पर हमला, ऑपरेशन सिंदूर से लेकर US ट्रेड डील तक उठाए सवाल, बीजेपी का पलटवार
ABP News
Lok Sabha: लोकसभा में राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर, चीन सीमा विवाद और अमेरिकी ट्रेड डील पर सरकार को घेरने की कोशिश की. इस दौरान उन्होंने AI, भारतीय डेटा और वैश्विक हालात पर भी गंभीर सवाल उठाए.
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश की. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, चीन के साथ सीमा विवाद, अमेरिकी ट्रेड डील, वैश्विक अस्थिरता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.
राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत हल्के अंदाज में की. उन्होंने कहा कि कभी-कभी रिजीजू जी उनसे पूछते हैं कि वे इतने फिट कैसे हैं. इस पर उन्होंने मार्शल आर्ट का उदाहरण देते हुए कहा कि लड़ाई की शुरुआत ग्रिप से होती है और फिर चोक तक पहुंचती है. उन्होंने कहा कि राजनीति और बिजनेस में भी 'ग्रिप' होती है, लेकिन यह दिखती नहीं है. उनके मुताबिक, जो पहले मजबूत पकड़ बना लेता है, वही अंत में जीतता है.
दुनिया अस्थिरता की ओर बढ़ रही है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आर्थिक सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि दुनिया अब स्थिरता से अस्थिरता की ओर बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पुराना अमेरिकी और डॉलर आधारित यूनिपोलर सिस्टम अब चुनौती झेल रहा है. उन्होंने कहा कि चीन, रूस और अन्य ताकतें अमेरिका की प्रभुत्व को चुनौती दे रही हैं. साथ ही ऊर्जा और वित्त (Energy and Finance) को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री और एनएसए ने पहले कहा था कि युद्ध का दौर खत्म हो गया है, लेकिन आज यूक्रेन, गाजा, मिडिल ईस्ट और ईरान में युद्ध या उसका खतरा दिख रहा है. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत भी एक अस्थिर वैश्विक माहौल का हिस्सा है.













