
Jhansi News: 'प्यार किसी से, शादी किसी से', सामूहिक विवाह योजना के पैसे आते ही दुल्हन हुई गायब
ABP News
Jhansi News In Hindi: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 19 फरवरी को शैलेन्द्र की शादी मसीहा गंज की एक युवती से हुई थी. मगर योजना के 60 हजार रुपये मिलते ही पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई.
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने 'प्यार किसी से और शादी किसी से' वाली कहावत को सच साबित कर दिया. मामला बबीना थाना क्षेत्र के खैलार गांव का है, जहां शैलेन्द्र नाम के युवक की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 19 फरवरी को मसीहा गंज की एक युवती से हुई थी. शादी पूरी रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई और दोनों ने सात फेरे भी लिए.
शादी के दौरान ही लड़की पक्ष ने यह कहा था कि 25 अप्रैल को धूमधाम से रिसेप्शन के बाद लड़की की विदाई की जाएगी. इस पर लड़के पक्ष ने सहमति जता दी और शादी के बाद लड़की अपने मायके चली गई. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कुछ और ही चल रहा था, जिसका अंदाजा किसी को नहीं था.
बताया जा रहा है कि 10 या 11 मार्च को जैसे ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली 60 हजार रुपये की राशि लड़की के खाते में आई, वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. इस घटना की जानकारी मिलते ही शैलेन्द्र परेशान हो गया और वे तुरंत अपनी पत्नी के घर पहुंचा, लेकिन वहां से उसे बताया गया कि लड़की के गायब होने की रिपोर्ट पहले ही दर्ज करा दी गई है और अब वे कुछ नहीं कर सकते.
इसके बाद पीड़ित युवक पुलिस के पास मदद के लिए पहुंचा, लेकिन वहां से भी उसे कोई खास सहायता नहीं मिली. अब शैलेन्द्र हाथ में अपनी शादी का सर्टिफिकेट लेकर इधर-उधर भटक रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है. शैलेन्द्र का कहना है कि शादी के बाद उसकी पत्नी ने कभी यह जाहिर नहीं होने दिया कि वह किसी और से प्यार करती है. उसने पत्नी को खुश रखने के लिए मोबाइल फोन सहित कई उपहार भी दिए थे, लेकिन उसे इस धोखे का अंदाजा नहीं था.













