
JDU Bihar Deputy CM: जेडीयू की तरफ से कौन हो सकते है डिप्टी सीएम, रेस में ये नाम शामिल
ABP News
JDU Bihar Deputy CM Candidate Name: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में बीजेपी का सीएम होगा, जबकि दो डिप्टी सीएम जेडीयू के होंगे. आइए जानते हैं कौन वो दो नाम हैं जो इस रेस में शामिल हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद से बिहार में डिप्टी सीएम पद को लेकर चर्चा तेज हो गई है. जेडीयू की तरफ से इस पद के लिए दो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बताए जा रहे हैं. पहला नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है, जबकि दूसरा नाम पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी का माना जा रहा है. हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन के स्तर पर ही लिया जाएगा.
दरअसल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद यह ऐलान किया है कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं. उनके इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो राज्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा और जेडीयू में नई जिम्मेदारियां किसे मिलेंगी.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता संतुलन बनाए रखने के लिए एनडीए के अंदर नई व्यवस्था बनाई जा सकती है. इसी के तहत डिप्टी सीएम पद को लेकर भी मंथन चल रहा है.
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. माना जा रहा है कि उन्हें डिप्टी सीएम बनाकर सक्रिय राजनीति में उतारा जा सकता है. जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री पहले ही सार्वजनिक तौर पर निशांत के राजनीति में आने का स्वागत कर चुके हैं.













