
'I Love Her', क्रैश हो रहा था प्लेन, पायलट के मुंह से निकला पत्नी के लिए मैसेज, वीडियो वायरल
ABP News
America Plane Crash: अमेरिका के जॉर्जया में एक विमान हादसे का शिकार हो गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दिए मैसेज में पायलट ने लड़खड़ाती हुई आवाज में कहा, हम नहीं बचेंगे.
अमेरिका के जॉर्जिया स्टेट में एक बिजी रोड पर छोटा प्लेन क्रैश हो गया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. घटना तब हुई जब प्लेन के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दुखी होकर आखिरी मैसेज देते हुए कहा कि हो सकता है कि अब उसकी जान न बचे.
पत्नी के नाम आखिरी संदेशएयर ट्रैफिक कंट्रोल को दिए मैसेज में पायलट ने लड़खड़ाती हुई आवाज में कहा, हम नहीं बचेंगे. प्लीज मेरी पत्नी मौली को बता देना कि मैं उससे और अपने माता-पिता से बेइंतहा ज्यादा प्यार करता हूं.
गेन्सविले पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार (10 फरवरी) की है. गेन्सविले शहर में एक चौराहे के पास एक इंजन वाले प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग होती है और वह कई वाहनों से टकरा जाता है, जिसमें दो लोग बाल-बाल बच गए. हादसे से पहले पायलट ने जान के खतरे की आशंका जताते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मैसेज दिया था.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में हादसे से ठीक पहले ये तनाव भरे क्षण कैद हुए. पायलट रोजर्स प्लेन को कंट्रोल करने के लिए संघर्ष कर रहे थे, इस दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाती हुई सुनाई दे रही थी, उनको यह महसूस हो रहा था कि उनके यह शब्द आखिरी हो सकते हैं.













