
Ghaziabad News: यूट्यूबर सलीम पर हमले के दोनों आरोपी सगे भाई ढेर, दूसरे का भी पुलिस ने किया एनकाउंटर
ABP News
Ghaziabad News in Hindi: एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हमले का दूसरा आरोपी भी पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया. पुलिस ने बताया की आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बदमाश फिर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ है, पुलिस के अनुसार ये दोनों ही बदमाश एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हमले के आरोपी थे. अलग-अलग एनकाउंटर में गाजियाबाद पुलिस की गोली में ये दोनों ही बदमाश महज 48 घंटे में ढेर कर दिए गए.
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी गुलफाम और जीशान जो सगे भाई है, उन्होंने दिनांक 27 फरवरी को गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक मुस्लिम पर जानलेवा हमला किया था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी जीशान को रविवार 1 मार्च को ढेर कर दिया था, जबकि दूसरा आरोपी गुलफाम मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया.
पुलिस ने बताया कि, यूट्यूबर सलीम पर हमले के आरोपी जीशान और गुलफाम दोनों भाई मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले थे और कारपेंटर थे. दोनों ने 27 तारीख को लोनी इलाके में एक्स मुस्लिम सलीम पर जानलेवा हमला किया था. सलीम आज भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है. पुलिस ने यह भी बताया कि हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम मंगलवार को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारा गया.
पुलिस ने आगे कहा कि, अभी तक की जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों पर पहले कोई मुकदमा नहीं था. दोनों की बारे में यह भी बात भी सामने आई है कि दोनों भाई सोशल मीडिया पर कट्टरता की बात करते थे. पुलिस के मुताबिक, बदमाशों के हमले में घायल सलीम जो कि यूट्यूबर भी है, वह अक्सर सोशल मीडिया पर धर्म की कुरीतियों पर वीडियो बनाकर विरोध करता था, जिससे आरोपियों ने नाराज होकर हमले की वारदात को अंजाम दिया.













