
Farooq Abdullah Firing: 'मैं उन्हें 20 साल से मारना चाहता था', फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग करने वाला कमल सिंह जामवाल कौन?
ABP News
Farooq Abdullah Firing: नेशनल कॉन्फ्रेंस चीफ फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले पर नाराजगी जताते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह मेहरबान है. मेरे पिता बाल-बाल बच गए.
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार की रात जानलेवा हमले की कोशिश हुई. वह जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके स्थित 'होटल रॉयल पार्क' में एक वकील की शादी में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान हमलावर ने पूर्व सीएम पर बहुत ही नजदीक से फायर किया. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब फारूख अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री चौधरी और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी समारोह स्थल से निकल रहे थे. गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है.
हमलावर जामवाल पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है. वह पिस्तौल लेकर फारूक अब्दुल्ला के पीछे पहुंचा और गोली चला दी. जम्मू कश्मीर पुलिस की सुरक्षा शाखा के दो अधिकारियों—एक इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर ने उसे काबू कर लिया. डिप्टी सीएम चौधरी ने इस घटना को सुरक्षा में चूक बताया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि जामवाल की उम्र 70 साल से अधिक है और हमले के समय वह नशे की हालत में था. उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा उसका हथियार छीने जाने और जमीन पर गिराए जाने से पहले उसने एक गोली चलाई.हालांकि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ.
हमलावर के दावे से पुलिस हैरान
आरोपी ने पुलिस के सामने जो दावे किए हैं, उनसे वो भी हैरान है. जामवाल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या की योजना बना रहा था. हालांकि उसने इसे व्यक्तिगत एजेंडा बताया. सुरक्षाकर्मियों ने उसके पास से एक पिस्टल बरामद की है, जिसको वह लाइसेंसी बता रहा है.













