
EV खरीदने का है प्लान? Tata-Hyundai समेत इन कंपनियों की इलेक्ट्रिक कारें हुईं सस्ती, जानें कितनी होगी बचत
ABP News
अगर आप इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह समय आपके लिए बेहतरीन हो सकता है. कंपनियां भारी छूट, फ्री चार्जिंग और टैक्स बेनिफिट जैसे ऑफर्स दे रही हैं, जिससे सही मॉडल चुनकर आप बचत कर सकते हैं.
भारत में इलेक्ट्रिक कार खरीदने का यह सही समय बन गया है क्योंकि कई बड़ी कंपनियां अपनी EVs पर भारी छूट दे रही हैं. Tata, Hyundai, Mahindra और MG जैसी कंपनियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए लाखों रुपये तक के ऑफर्स शुरू किए हैं. कुछ मॉडलों पर तो 10 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जो पहले कभी कम ही देखने को मिली थी. इससे इलेक्ट्रिक कारें अब पहले से ज्यादा सस्ती हो गई हैं.
Tata Motors अपने कई मॉडलों पर शानदार छूट दे रही है. Tiago.ev पर ग्राहकों को 2.1 लाख रुपये तक की बचत मिल रही है. Nexon.ev पर भी करीब 1.2 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है,सबसे ज्यादा फायदा Curvv.ev पर मिल रहा है, जहां करीब 3.8 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है. Tata के पास इस समय 6 इलेक्ट्रिक गाड़ियां हैं और जल्द ही Sierra.ev भी आने वाली है.
JSW MG Motor अपनी पॉपुलर Windsor EV के साथ एक साल की फ्री पब्लिक चार्जिंग सुविधा दे रही है. इसके अलावा बिजनेस यूजर्स को टैक्स में भी फायदा मिल सकता है, जहां वे 13.17 लाख रुपये तक का डेप्रिसिएशन क्लेम कर सकते हैं. Mahindra भी पीछे नहीं है और अपनी XUV400 पर करीब 4 लाख रुपये तक की छूट दे रही है. वहीं BE 6 और XEV 9e मॉडल्स पर 2.95 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं. हालांकि ये ऑफर्स सीमित समय के लिए हैं.
Hyundai अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार Ioniq 5 पर सबसे ज्यादा छूट दे रही है. इस EV पर करीब 10 लाख रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है. ये ऑफर पुराने मॉडल पर दिया जा रहा है, क्योंकि कंपनी नया फेसलिफ्ट वर्जन लाने की तैयारी कर रही है.













