
साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्र सरकार में मिली बड़ी जिम्मेदारी, अब संभालेंगी ये पद
ABP News
भारतीय जनता पार्टी की पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रहीं साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्होंने बुधवार को पद ग्रहण किया.
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता साध्वी निरंजन ज्योति, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनीं हैं. उन्होंने 18 मार्च, बुधवार को पद ग्रहण किया. पदभार ग्रहण करने की तस्वीरें साझा करते हुए ज्योति ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर लिखा- सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके. शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणि नमोस्तुते॥ नई दिल्ली में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया.
उन्होंने लिखा कि पिछड़े समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए समर्पित यह दायित्व प्रदान करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का यह संकल्प है कि पिछड़े समाज को न्याय, सुरक्षा, सम्मान और विकास के समान अवसर प्राप्त हों. इसी भावना के साथ आयोग कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है. “जब पिछड़ा समाज सशक्त होगा, तभी भारत चतुर्दिक विकास पथ पर अग्रसर बनेगा”
सरकार के 9 साल पूरे होने पर बोले सीएम योगी- कल से नवरात्र शुरु, कोई कर्फ्यू ,दंगे का भय नहीं
पूर्व सांसद के पदभार ग्रहण करने पर यूपी बीजेपी चीफ पंकज चौधरी ने लिखा कि पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. हमें पूर्ण विश्वास है कि आपका अनुभव, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण एवं उनके सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करेगी.













