
'शशि थरूर का माइक किया बंद, राहुल गांधी को...', गौरव गोगोई ने स्पीकर ओम बिरला पर लगाए गंभीर आरोप
ABP News
Gaurav Gogoi Slams Om Birla: गोगोई ने यह भी सवाल उठाया कि भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील किस दबाव में की. उन्होंने पूछा कि ऐसा क्या दबाव बनाया गया था.
कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने संसद की कार्यवाही को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब एमएम नरवणे की किताब पर राहुल गांधी चर्चा कर रहे थे, उस दिन सदन में यह उम्मीद थी कि चेयर पूरी तरह निष्पक्ष रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं दिया जा रहा है.
LOP को बार-बार टोका गयागोगोई ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कई बार टोका गया. स्पीकर उनसे बार-बार अपनी बात को 'वेरिफाई' करने के लिए कहते रहे. राहुल गांधी ने कहा था कि दुनिया के कई देशों में जहां-जहां किसी का नाम सामने आया, वहां इस्तीफे हुए हैं. भारत में भी एक मंत्री का नाम आया है और यह एक अंतरराष्ट्रीय मामला है, इसलिए इसकी जांच और पुष्टि करना आसान नहीं है.
बोलने की अनुमति मांगते रहे राहुल गांधीउन्होंने बताया कि राहुल गांधी लगातार कहते रहे कि उन्हें अपनी बात रखने दी जाए. लेकिन जब वे खड़े थे, उसी दौरान स्पीकर ने किसी दूसरे सदस्य को बोलने के लिए कह दिया. गोगोई के अनुसार यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ है. गोगोई ने कहा कि कुछ दिन बाद जब शशि थरूर सदन में बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया. इससे यह संदेश जाता है कि विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है.
सुषमा स्वराज के बयान का हवालाउन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र के बारे में कहा था कि भारतीय लोकतंत्र के मूल में एक भावना है- हम एक-दूसरे के विरोधी हो सकते हैं, लेकिन शत्रु नहीं. विरोध विचारधारा और नीतियों के आधार पर होता है. गोगोई ने कहा कि यही भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना है, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि कांग्रेस, टीएमसी, सपा या अन्य विपक्षी दलों के नेता जब सदन में बोलना चाहते हैं, तो उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया जाता.













