
'मैजिक कर दो...', ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले कप्तान गिल ने रोहित-कोहली को भेजा खास मैसेज
AajTak
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाली वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए एक संदेश दिया है. दोनों दिग्गज छह महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. गिल ने कहा कि टीम उनसे वही उम्मीद रखती है जो उन्होंने पिछले 10-15 सालों में भारत के लिए किया है.
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाली बहुप्रतीक्षित वनडे सीरीज़ से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए एक सधी हुई प्रतिक्रिया दी है. यह वही सीरीज होगी जिसमें दोनों दिग्गज छह महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे. नई दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 की टेस्ट सीरीज़ जीतने के बाद गिल ने कहा कि रोहित और कोहली से टीम को वही उम्मीद है जो वे वर्षों से करते आए हैं- भारत को जीत दिलाना.
क्या बोले शुभमन गिल
गिल ने कहा, 'वे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अतीत में भारत के लिए कई मैच जीते हैं. वे पिछले 10-15 वर्षों से भारत के लिए खेल रहे हैं, और जो अनुभव वे लाते हैं वह हर कप्तान और हर टीम के लिए अनमोल है. हम यही उम्मीद करते हैं कि वे मैदान पर उतरें और अपना जादू दिखाएं.'
रोहित शर्मा और विराट कोहली आखिरी बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में आईपीएल 2025 में खेले थे. दोनों ने टेस्ट और टी20 प्रारूप से संन्यास ले लिया है और अब वनडे प्रारूप में वापसी कर रहे हैं, लक्ष्य है 2027 वनडे विश्व कप. उनके रिद्म और फिटनेस को लेकर उत्सुकता बनी हुई है, खासकर इतने लंबे ब्रेक के बाद.
यह भी पढ़ें: ब्लैक शर्ट, स्टाइलिश चश्मा... ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले खास लुक में दिखे कोहली
गिल ने साफ किया कि दोनों खिलाड़ी वनडे सेटअप का अहम हिस्सा बने रहेंगे और उनके अनुभव की टीम को बेहद ज़रूरत है. गिल, जिन्होंने रोहित शर्मा की जगह भारत की वनडे कप्तानी संभाली है, को अक्टूबर की शुरुआत में मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने तीन मैचों की ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ के लिए कप्तान घोषित किया था.

एक समय था जब बिहार से आईपीएल में खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनी-चुनी होती थी. लेकिन आज 7 खिलाड़ियों का इस लीग में होना राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम में आए बदलाव का संकेत है. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उस बदलाव की कहानी है जहां कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाला राज्य अब भारतीय क्रिकेट की मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है.












