
मेडचल जिले के माईसम्मागुड़ा में छात्र और पुलिस के बीच टकराव, हॉस्टल कमरों में घुसकर लाठीचार्ज का आरोप
ABP News
Telangana Police: पेट बशीराबाद पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर के. विजया वर्धन ने बताया कि कुछ छात्र शराब के नशे में सुरक्षा गार्ड से झगड़ा कर रहे थे और पुलिस के समझाने के बावजूद आक्रामक व्यवहार कर रहे थे.
तेलंगाना के मेडचल जिले के इलाके माईसम्मागुड़ा में स्थित एक छात्रावास में रविवार (8 मार्च, 2026) की देर रात तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब कुछ छात्रों और सुरक्षा गार्ड के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. घटना मेडचल-मलकाजगिरि जिले के मैसम्मागुडा इलाके की है, जो पेट बशीरबाद पुलिस थाना के क्षेत्र के अंतर्गत आता है.
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ छात्र कथित रूप से शराब के नशे में छात्रावास परिसर में पहुंचे और वहां ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड से बहस करने लगे. देखते ही देखते बहस बढ़कर धक्का-मुक्की में बदल गई. सुरक्षा गार्ड ने स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के पहुंचने पर बढ़ा विवाद
सूचना मिलते ही पेट बशीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने स्थिति को शांत कराने के बजाय छात्रावास के कमरों में घुसकर कई छात्रों पर लाठियां बरसाईं.













