
मुंबई: निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
AajTak
मुंबई के जुहू इलाके में निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की खबर सामने आई है. देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. चश्मदीदों के अनुसार, रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस के आला अधिकारी, जोनल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं.
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, "बिल्डिंग पर फायरिंग की गई है. हम सभी संभावित पहलुओं से इसकी जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों की पहचान की जा सके."
राहत की बात यह है कि इस गोलीबारी में अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है. जुहू स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी करती नजर आ रही है. पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: इंडियन सिनेमा में भाषा बनी रुकावट? डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने माना, बोले- एक देश, एक सिनेमा...
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक निष्कर्ष साझा नहीं किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. वहीं रोहित शेट्टी या उनके परिवार की ओर से भी अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है.

ऑस्कर्स के इतिहास में सबसे ज्यादा नॉमिनेशंस के रिकॉर्ड के साथ पहुंची 'सिनर्स' का जलवा 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में नजर आया. लेकिन इससे ज्यादा बड़ी कामयाबी 'वन बैटल आफ्टर एनदर' के हाथ लगी जो इस अवॉर्ड सीजन सरप्राइज बनकर उभरी. 'सिनर्स' के लिए सबसे बड़ी कामयाबी माइकल बी जॉर्डन को मिली जो फाइनली बेस्ट एक्टर बने.












