
मिडिल ईस्ट में रुकेगी जंग? ट्रंप ने किया बातचीत का इशारा, IAEA चीफ की चेतावनी... ईरान युद्ध के 10 बड़े अपडेट
ABP News
मिडिल ईस्ट में रुकेगी जंग? ट्रंप ने किया बातचीत का इशारा, IAEA चीफ की चेतावनी... ईरान युद्ध के 10 बड़े अपडेट
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग और भीषण होने वाली है. अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि 10 मार्च की रात ईरान पर अब तक के सबसे तीव्र और भीषण हमले होंगे. उन्होंने ये भी कहा कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल सप्लाई रोकी तो ईरान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने खुलासा किया है कि ईरान का लगभग आधा यूरेनियम इस्फहान इलाके में सुरंग में रखा था और हो सकता है कि यूरेनियम अब भी वहीं हों.
1. ईरान के रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि ईरान जानबूझकर स्कूलों और अस्पतालों से मिसाइल दाग रहा है और निर्दोष लोगों को निशाना बना रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस युद्ध में अमेरिका के कई रणनीतिक लक्ष्य हैं, जिसमें ईरान की नौसेना को नष्ट करना, उसके परमाणु ठिकानों को तबाह करना, मिसाइल भंडार और लॉन्चर को खत्म करना और रक्षा उद्योग ढांचे को कमजोर करना शामिल है.
2. अलकायदा इन द सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध को एक साजिश के तहत युवाओं को भड़काने के लिए इस्तेमाल कर रहा है. कश्मीर को जिहाद का मुख्य केंद्र बनाने की साजिश कर रहा है.एक्यूआईएस युद्ध को एक प्रचार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, ताकि जम्मू-कश्मीर में युवाओं की भर्ती बढ़ाई जा सके. एक्यूआईएस ने कई देशों के नाम लिए हैं, जिन्हें वह इस्लाम का विरोधी मानता है.भारत, अमेरिका, इजरायल, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस और स्पेन जैसे देशों को इस्लाम का साझा दुश्मन बताते हुए एक्यूआईएस ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं से एकजुट होने की अपील की है. आतंकी संगठन का कहना है कि कश्मीर को जिहाद का मुख्य केंद्र (थियेटर) बनाया जाना चाहिए.
3. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की. इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध और मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष पर चर्चा हुई. ट्रंप ने कहा, 'पुतिन ने बढ़ते संकट में रचनात्मक भूमिका निभाने की ओर संकेत दिया. वह मददगार बनना चाहते हैं. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार (10 मार्च) को ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन से बातचीत की और फौरन तनाव कम करने का अनुरोध किया. रूसी न्यूज एजेंसी TASS ने क्रेमलिन के हवाले से बताया, 'राष्ट्रपति पुतिन ने पेजेश्कियन से फोन पर बात की. इस दौरान पुतिन ने जंग को जल्द से जल्द कम करने और राजनीतिक माध्यमों से इसका समाधान करने के पक्ष में अपने सैद्धांतिक रुख की पुष्टि की.'













