
महाराष्ट्र: मालेगांव में टीपू सुल्तान की फोटो पर बवाल, डिप्टी मेयर ऑफिस से हटाई गई तस्वीर
ABP News
Maharashtra News: मालेगांव में डिप्टी मेयर ऑफिस में टीपू सुल्तान की फोटो लगाए जाने पर विवाद बढ़ा. विरोध के बाद तस्वीर हटा दी गई, लेकिन मेयर को फोटो गिफ्ट देने का वीडियो सामने आ गया.
महाराष्ट्र के मालेगांव में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है. मालेगांव म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में डिप्टी मेयर के ऑफिस में टीपू सुल्तान की फोटो लगाए जाने के बाद माहौल गर्म हो गया. जैसे ही यह बात बाहर आई, शहर के कई संगठनों और नेताओं ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया. बढ़ते दबाव और तनाव को देखते हुए आखिरकार प्रशासन को पीछे हटना पड़ा और फोटो हटा दी गई.
बताया जा रहा है कि शिवसेना समेत कई हिंदुत्व संगठनों और कुछ कॉर्पोरेटर्स ने इस फैसले पर नाराजगी जताई थी. उनका कहना था कि सरकारी दफ्तर में ऐसी तस्वीर लगाना ठीक नहीं है.
विरोध इतना बढ़ा कि मामला तूल पकड़ने लगा. हालात बिगड़ने की आशंका के चलते म्युनिसिपल सेक्रेटरी ने फोटो हटाने का आदेश दे दिया. प्रशासन का कहना है कि विवाद से बचने के लिए यह कदम उठाया गया.
हालांकि तस्वीर हटाए जाने के बाद भी मामला यहीं शांत नहीं हुआ. इसी बीच एक और वीडियो सामने आया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता मालेगांव की मेयर नसरीन शेख को टीपू सुल्तान की फोटो गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. तस्वीर भेंट किए जाने के बाद एक नया विवाद खड़ा होने की चर्चा शुरू हो गई है.













