
मर्जी के बिना हुई थी शादी, पत्नी से नहीं हुआ प्यार, बच्चों से निरहुआ ने कही दिल की बात
AajTak
भोजपुरी स्टार निरहुआ आमतौर पर अपनी फिल्मों और गानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. लेकिन इस बार उन्होंने अपनी शादी और पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की है. जानिए उन्होंने क्या कहा.
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव, जिन्हें लोग प्यार से निरहुआ के नाम से जानते हैं, आमतौर पर अपनी फिल्मों और गानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. लेकिन इस बार वजह कुछ और है. एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और शादी, अपने मन की अधूरी इच्छा और अपने बच्चों को दी गई सीख के बारे में बताया.
Digital Commentary को दिए इंटरव्यू में निरहुआ ने बताया कि उनकी शादी उनकी मर्जी से नहीं हुई थी. उन्होंने कहा, 'मैं उस समय जीवन में कुछ हासिल करना चाहता था, आगे बढ़ना चाहता था, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. इसका मलाल मुझे हो गया. क्योंकि जीवनसाथी वो होता है, जिसको आप प्यार करें. ये मेरे साथ नहीं हो पाया. ऐसे में परिवार ने शादी तय कर दी और उन्हें वह रिश्ता निभाना पड़ा.' उन्होंने अपने बच्चों से भी ये कह दिया कि शादी अपनी मर्जी से ही करना.
कभी प्यार नहीं किया इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी प्यार नहीं किया? तो उन्होंने बिना घुमाए-फिराए जवाब दिया- 'नहीं, मुझे कभी प्यार नहीं हो पाया, ये बात मैंने अपनी पत्नी से भी कह दी.' एक्टर ने यह भी कहा कि वे अपने बच्चों से झूठ नहीं बोलना चाहते. वे अपनी पत्नी और बच्चों दोनों से यह बात साफ कह चुके हैं कि उन्हें वैसा प्यार नहीं हुआ.
इसके अलावा निरहुआ ने यह भी माना कि शादी माता-पिता की इच्छा से हुई, इसलिए रिश्ता निभाना उनका फर्ज है. उन्होंने कहा, 'जब मां-बाप ने फैसला लिया, तो अब उस रिश्ते की जिम्मेदारी भी उनकी है. वे अपने परिवार के साथ हैं और अपने कर्तव्यों को निभा रहे हैं.' उन्होंने यह भी माना कि कभी-कभी उन्हें गिल्ट फील होता है. खराब भी महसूस होता है कि जीवन साथी को लेकर जो सपना था, वह पूरा नहीं हो पाया.
अपने बच्चों को लेकर क्या कहा? निरहुआ ने इस बात का खुलासा किया कि वो अपने बच्चों और पत्नी से ये सब बातें पहले ही कह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने साफ कहा कि वे अपने बच्चों के साथ वैसा नहीं करेंगे जैसा उनके साथ हुआ. वे अपने बच्चों को अपनी मर्जी से शादी करने की आजादी देंगे. उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें कभी नहीं कहूंगा कि तुम्हें यही करना है या ऐसे ही करना है.' पत्नी से बनाते हैं दूरी बता दें कि निरहुआ कभी पत्नी संग नजर नहीं आते हैं. ना ही सोशल मीडिया पर कोई फैमिली की फोटो पोस्ट करते हैं. निरहुआ की पत्नी का नाम मंशा यादव है. जानकारी के मुताबिक, 2000 में उनकी शादी हुई थी. कपल के 3 बच्चे हैं. इनमें दो बेटे और एक बेटी है. पत्नी-बच्चों को एक्टर खुद भी शोबिज से दूर रखते हैं. वहीं निरहुआ का नाम उनकी ऑनस्क्रीन पत्नी आम्रपाली दुबे कई बार जुड़ चुका है. कई रिपोर्ट्स में आम्रपाली और निरहुआ की सीक्रेट वेडिंग का दावा भी किया है. हालांकि अफेयर की खबरों को निरहुआ-आम्रपाली ने गलत बताया है.













