
जब शम्मी कपूर के प्यार में दीवानी थीं मुमताज, करना चाहती थीं शादी, इस कारण से टूटा रिश्ता
AajTak
मुमताज ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में शम्मी कपूर संग रिश्ते पर खुलकर बात की थी. उनका कहना था कि वो उनसे शादी करना चाहती थीं, लेकिन एक्टर के बड़े भाई राज कपूर इसके लिए राजी नहीं थे.
बॉलीवुड इंडस्ट्री में अक्सर कई रिश्ते बनते-बिगड़ते रहते हैं. हर दौर में कलाकारों के बीच रिलेशनशिप की बातें सामने आती रही हैं. 60s के वक्त भी कई सितारों के बीच रिश्ते बने. उनमें से एक लेजेंडरी एक्टर शम्मी कपूर और अदाकारा मुमताज थीं. उनका रिश्ता 1968 में आई फिल्म 'ब्रह्मचारी' से शुरू हुआ था.
क्यों टूटा था शम्मी कपूर-मुमताज का रिश्ता?
शम्मी कपूर की पहली पत्नी गीता बाली का 1965 में निधन हो गया. इसके बाद वो फिल्म 'ब्रह्मचारी' के दौरान मुमताज से मिले. एक्टर उनसे तब शादी करना चाहते थे, जब एक्ट्रेस की उम्र 17-18 थी. मुमताज को भी एक्टर काफी पसंद थे. लेकिन ये शादी कभी हो नहीं पाई. इसका कारण आज से कुछ महीनों पहले मुमताज ने खुद विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर भी बताया था. उन्होंने कहा था कि राज कपूर को इस शादी से ऐतराज था.
मुमताज ने शम्मी कपूर के लिए अपनी फीलिंग्स पर कहा, 'शम्मी कपूर और मैं, दोनों एक-दूसरे की तरफ आकर्षित थे. वो बेहद ही हैंडसम और अट्रैक्टिव आदमी थे, और मुझे वो पसंद थे. इसमें छुपाने की कोई बात नहीं. हालांकि हमारी उम्र में भी 17-18 साल का फर्क था, लेकिन मुझे उसकी परवाह नहीं थी. मैं उनसे शादी करना चाहती थी. मगर नहीं हो पाई.'
'इसके बाद शम्मी जी ने जिससे भी शादी की, वो बहुत ही अच्छी हैं. बहुत अच्छी इंसान और हाउसवाइफ हैं. लेकिन उस दौरान पापाजी (राज कपूर) बहुत सख्त थे. आजकल तो सभी लोग शादी कर रहे हैं. मगर जबतक पापाजी जिंदा थे, वो नियम था कि घर की बहू बाहर काम नहीं करेगी और वो ही फॉलो किया जाता था.'
मुमताज ने इस कारण खोई थी 'मेरा नाम जोकर'













