
आर्यन और शाहरुख खान पर अरशद वारसी ने क्या कहा? साथ काम करने की वजह भी बताई
AajTak
बॉलीवुड के सर्किट यानी अरशद वारसी अपनी एक्टिंग की वजह से जाने जाते हैं. उन्होंने शाहरुख खान के बेटे की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में अपने रोल से सभी को हैरान किया था. अब एक्टर ने शाहरुख और आर्यन के साथ काम करने को लेकर बात की हैं.
साल 2025 में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से डायरेक्टोरियल डेब्यू किया. नेटफ्लिक्स की इस सीरीज को काफी पसंद किया गया. इसमें एक्टर अरशद वारसी को भी अहम रोल में देखा गया था. अब एक नए इंटरव्यू में अरशद, जिन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन गफूर इस्माइल का रोल किया था, ने बताया कि उन्होंने आर्यन की सीरीज के लिए हां क्यों कहा? नेटफ्लिक्स की इस सीरीज में एक्टर लक्ष्य, सहर बाम्बा, अन्या सिंह, रजत बेदी, मोना सिंह, राघव जुयाल, बॉबी देओल और अरशद वारसी लीड रोल में थे. इसके अलावा सीरीज में इमरान हाशमी और SRK भी कैमियो रोल में थे.
अरशद वारसी ने क्या कहा? अरशद ने सीरीज में गफूर के रोल में दिल जीता था. लोग उनकी मजेदार परफॉर्मेंस के दीवाने हुए बिना नहीं रह सके. हाल ही में उन्होंने पिंकविला के साथ एक इंटरव्यू दिया और किंग खान के साथ अपने रिश्ते के बारे में प्यार से बात की. उन्होंने यह भी बताया कि वह सिद्धार्थ आनंद की 'किंग' का हिस्सा बनने के लिए सिर्फ SRK के साथ अपनी दोस्ती की वजह से सहमत हुए थे.
अरशद ने यह भी बताया कि जब आर्यन खान ने उन्हें अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू प्रोजेक्ट में एक गैंगस्टर का रोल करने के लिए बुलाया, तो उन्होंने बिना एक सेकंड सोचे-समझे हां कर दिया. उन्होंने बताया, 'मैंने हां किया, आर्यन के लिए किया और किंग खान के लिए, क्योंकि मुझे आर्यन और शाहरुख पसंद हैं. मुझे वे लोग पसंद हैं. अगर वे मुझसे कहेंगे, तो मैं कर लूंगा.'
आर्यन की जमकर तारीफ की उसी इंटरव्यू में अरशद ने आर्यन की बहुत तारीफ की. उन्होंने यह भी कहा कि आर्यन एक 'गिफ्टेड' और 'ब्राइट' बच्चा है. उन्होंने कहा, 'वह बिना एक्टर हुए भी स्टार है, और इसलिए नहीं कि वह शाहरुख का बेटा है. कम उम्र में ही उसके कई बिजनेस चल रहे हैं.'
आर्यन के साथ काम करने के बाद अरशद अब SRK और उनकी बेटी, सुहाना खान के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने द आर्चीज की एक्ट्रेस की भी तारीफ की. सुहाना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'उन दोनों में जरा भी बुरा बर्ताव नहीं है. वे जरूर सफल होंगे. बहुत ज्यादा गुडविल चल रहा है.'
कब रिलीज होगी फिल्म? इस बीच सिद्धार्थ आनंद की किंग में SRK, सुहाना, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा और अरशद वारसी हैं. यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को बड़े पर्दे पर आएगी. वहीं अरशद के वर्क फ्रंट की बात करें तो, उनके पास धमाल 4 और वेलकम टू द जंगल भी पाइपलाइन में हैं.













