
तलाक के बाद रचाई दूसरी शादी, दूर हुए बच्चे, पछताया एक्टर, बोला- मेरी गलती है...
AajTak
मशहूर अभिनेता बबलू मुखर्जी ने अपनी निजी जिंदगी के कई पहलुओं पर खुलासा किया है. उन्होंने अपनी दो शादियों, पहली पत्नी लवली से बच्चों के साथ रिश्तों में आई दूरियों और तलाक के बाद बच्चों से मिलने में आई मुश्किलों के बारे में बताया.
मशहूर एक्टर बबलू मुखर्जी ने अपनी जिंदगी और सालों की मुश्किलों के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने अपनी शादियों और बेटों के साथ रिश्ते के बिगड़ने के बारे में भी बताया.
बबलू मुखर्जी ने की दो शादी विक्की लालवानी के साथ इंटरव्यू में बबलू मुखर्जी ने अपने पिता, दिवंगत केश्टो मुखर्जी के बेटे होने के नाते अपनी पुरानी जिंदगी के कई राज खोले. उन्होंने बताया कि वो सिर्फ 17 साल की उम्र में शादी कर चुके थे, उनकी पहली पत्नी का नाम लवली था, जिससे उनकी मां ने शादी करवाई थी. दोनों उनकी मां और भाई के साथ रहते थे.
एक्टर ने कहा कि उस समय उन्हें रिश्ते कैसे निभाने हैं, ये ठीक से पता नहीं था. उन्होंने कहा, मेरी गलती ये थी कि मैं समय नहीं दे पाया. मैं रोमांटिक नहीं बन पाया. उन्होंने कहा, मुझे खुद पता है कि उसे समय देना चाहिए था. मैं भी फिल्में और सीरियल कर रहा हूं, स्टोरीज जो होती हैं. मैं समझता हूं कि कपल में इंटीमेसी और रोमांस जरूरी होता है. फिर धीरे-धीरे उनकी पत्नी उनसे दूर होने लगी और जल्दी ही तलाक मांग लिया.
नहीं मिली बच्चों की कस्टडी लवली से बबलू मुखर्जी के दो बच्चे हुए - एक बेटी जो अब वियतनाम में रहती है और एक बेटा जो लॉस एंजिल्स में है. उन्होंने बताया कि बचपन से ही बच्चों से कोई संपर्क नहीं रहा. उनसे पूछा गया, क्या आपकी पत्नी को बच्चों की कस्टडी मिली थी? या वो दूसरे पति के बच्चों को ले गईं? उन्होंने बताया कि उन्हें बाद में पता चला कि लवली दोबारा शादी कर चुकी थी.
एक्टर ने बताया कि तलाक के बाद वो हर रविवार बच्चों से मिलने जाते थे. लेकिन उनकी एक्स वाइफ बच्चों को सामने नहीं लाती थीं. ऐसे में उन्हें लगा कि बच्चे उनसे नहीं मिलना चाहते हैं.
अब बच्चों से संपर्क है या नहीं, पूछने पर मुखर्जी ने बताया कि लवली से हाल ही में बात हुई है, लेकिन बच्चों से नहीं. उन्होंने लवली से कहा कि बच्चों से बात करवा दो, लेकिन वो बोलीं, वो तुमसे नफरत करते हैं, बात नहीं करना चाहते. उन्होंने पूछा कि किस बात की नफरत, तो लवली ने कहा कि तुमने मेरे साथ जो किया वो बताया है बच्चों को. ये एक अफेयर की अफवाह को लेकर हुआ, जिससे रिश्ता बिगड़ गया.













